चरखी दादरी। शहर के रोहतक रोड पर आरओबी निर्माण में बाधा बनी पाइपलाइन स्थानांतरित करने की कवायद जनस्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है। बुधवार के संस्करण में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए रोहतक रोड आरओबी निर्माण में पाइपलाइन और पेड़ बने बाधा...नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। वहीं, स्थानीय लोगों की मानें तो वीरवार सुबह ही विभाग की टीम काम शुरू करने पहुंच गई।
जनस्वास्थ्य विभाग ने पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू करवा दिया है। वहीं, अब लोक निर्माण विभाग ने एक तरफ से पिलर के लिए खोदाई करनी शुरू कर दी है। अब आरओबी निर्माण कार्य के गति पकड़ने की उम्मीद है। आरओबी बनने के बाद यहां से प्रतिदिन गुजरने वाले 20 हजार से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
दरअसल, स्थानीय रोहतक रोड स्थित रेलवे फाटक पर बनने वाले आरओबी निर्माण कार्य में दो अड़चनें आ रही थीं। एक अड़चन पाइपलाइन स्थानांतरित न होने और दूसरी वन विभाग के पेड़ों की कटाई शुरू न करने संबंधी थी। आमजन से जुड़ी इस परियोजना की अड़चनों को प्रमुखता से उठाया गया। खबर छपने के अगले ही दिन जनस्वास्थ्य विभाग ने पाइपलाइन स्थानांतरित करने के लिए खोदाई कार्य शुरू करवा दिया।
अब 75 पेड़ों की कटाई होनी है बाकी
जनस्वास्थ्य विभाग के पाइपलाइन बदलवाने के साथ ही लोक निर्माण विभाग ने एक तरफ पिलर लगाने का कार्य शुरू करवा दिया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब तक बाधित 75 पेड़ों को काटने की अनुमति नहीं मिल पाती, तब तक दूसरी तरफ से कार्य शुरू करवा दिया गया है।
78 करोड़ रुपये की लागत से बनना है फोरलेन आरओबी
रोहतक रोड रेलवे फाटक पर बनने वाले 940 मीटर लंबे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण पर 78 करोड़ रुपये की लागत आएगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालकों की सुविधा के लिए आरओबी को फोरलेन बनाया जाएगा। वहीं , इसके दोनों तरफ फुटपाथ भी बनेगा।
हमने पाइपलाइन स्थानांतरित करने के लिए पाइपों की खेप पहुंचा दी है। काम शुरू कर दिया गया है।
-मोहनलाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग