बाढड़ा। गांव जगरामबास निवासी विजय कुमार की इंग्लैंड में हत्या के आठ दिन बीतने के बाद भी शव को भारत भेजने के लिए वहां की सरकार से हरी झंडी नहीं मिल पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक विभाग की रिपोर्ट के मिलान के बाद इंग्लैंड सरकार तय करेगी की विजय के शव को भारत भेजा जाएगा या दोबारा पोस्टमार्टम के लिए शव को और रोका जाएगा। इस पर बना हुआ संशय बुधवार दोपहर तक दूर होने की संभावना है।
वहीं दूसरी तरफ आठ दिन बीतने के बावजूद विदेश मंत्रालय या इंग्लैंड दूतावास द्वारा कोई संपर्क या मदद न करने पर एक-एक पल गुजार रहे स्वजनों में रोष का माहौल बना हुआ है। पूर्व विधायक सोमवीर श्योराण की अगुवाई में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांसद दीपेंद्र हुड्डा के द्वारा लोकसभा के माध्यम से विदेश मंत्रालय के समक्ष यह मामला उठाने का भरोसा दिया है।
गांव जगरामबास निवासी भूतपूर्व सैनिक सुरेंद्र सिंह के बेटे विजय कुमार के पिछले सोमवार को उसके ही साथियों द्वारा हत्या की घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद वहीं सुरक्षित रख दिया गया है। मृतक के भाई रवि को वहां की पुलिस द्वारा दी जानकारी के अनुसार विजय पर हमला करने के शक में पांच युवकों को हिरासत में लिया गया था जिनको बाद में पासपोर्ट जब्त कर जमानत पर छोड़ दिया है।