चरखी दादरी। जनगणना के कार्य में तैनात एक प्रगणक के साथ स्थानीय चंपापुरी कॉलोनी की गली नंबर सात में मंगलवार को एक व्यक्ति द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। प्रगणक की ओर से इसकी शिकायत नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी एवं जनगणना चार्ज अधिकारी को दी गई है। वहीं चार्ज अधिकारी ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को पत्र लिख दिया है।
बता दें कि जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर मकान में रहने वाले लोगों व मकान की स्थिति से संबंधित जानकारी जुटा रहे हैं। इसी कड़ी में पंचायत सचिव अमित बतौर प्रगणक स्थानीय चंपापुरी कॉलोनी की गली नंबर सात में मंगलवार को मकान सूचीकरण कार्य कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जब वे एक घर में जानकारी लेने के लिए पहुंचे तो वहां मौजूद महिला ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। इसके बाद वे दूसरे घर में जानकारी जुटाने लगे। उसी दौरान एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आया और आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत चार्ज अधिकारी को दी।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी व चार्ज अधिकारी दीपक गोयल ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को पत्र लिख दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य पूरे देश में चल रहा है और यह देश के विकास के लिए अहम प्रक्रिया है।
जनगणना कार्य में जुटे किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार की घटना को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को जनगणना कार्य में जुटे अधिकारियों, कर्मचारियों का सहयोग करना चाहिए।