चरखी दादरी। गांव चरखी निवासी युवा कलाकार अजीत पंडित जल्द ही हिंदी फिल्म ‘हम तो हुए हैं तुम्हारे’ में नजर आएंगे। यह फिल्म विशेष तौर पर रोमांस व युवाओं के जीवन सहित खास कर प्रेम विवाह पर आधारित है। इस फिल्म में अजीत पंडित द्वारा आरजे विराट की मुख्य भूमिका का निर्वहन किया गया है। बड़े पर्दे पर यह फिल्म आगामी 27 सितंबर को पूरे देश में रिलीज की जाएगी।
अमर उजाला से बातचीत में अजीत पंडित ने बताया कि हरियाणा के एक छोटे से गांव चरखी से निकलकर उनका फिल्मी पर्दे तक पहुंचने का यह सफर कई तरह के पड़ावों से होकर गुजरा है। जब 2016 में उन्होंने कुछ कर गुजरने की ठानी तो आगे का भविष्य अभिनय में दिखाई दिया। अपने सपने को साकार करने के लिए उन्होंने सबसे पहले पंजाब का रुख किया। अभिनय की समझ के चलते उन्हें इस क्षेत्र में पहला ब्रेक पंजाबी एलबम जान के जरिए मिला। इसमें उन्होंने अभिनय करने के बाद सपनों की नगरी मुंबई का रुख किया। हालांकि यहां उनका सफर आसान नहीं रहा क्योंकि यह एक ऐसा स्थान है जहां पूरे भारत से लाखों युवा रोजाना अपने सपनों को आंखों में लिए हुए आते हैं, लेकिन कुछ संघर्ष से हार मानकर वापस चले जाते हैं तो कुछ टूटकर गुमनामी की दुनिया में खो जाते हैं।
हिंदी एलबम ‘अनकही’ में दिखा चुके हैं प्रतिभा
हिंदी गानों की एलबम कुछ अनकही में भी अजीत पंडित अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। अजीत ने बताया कि जल्द ही वो रिलीज होने वाली एक बड़े स्तर की हिंदी फिल्म डेस्टनी दा कालचक्रा में भी नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी गजल एलबम ‘मेरी बातों में’ को भी काफी सराहा जा रहा है।