चरखी दादरी। राज्य बाल कल्याण परिषद की महासचिव रंजीता मेहता ने कहा है कि दादरी जिले में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अधिक से अधिक गतिविधियां करवाई जाएंगी। जरूरतमंद बच्चों के लिए अंग्रेजी बोलने और प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग का भी प्रयास किया जा रहा है। उपायुक्त श्यामलाल पूनिया से मुलाकात के बाद रंजीता मेहता पत्रकारों से रूबरू हुईं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में 500 बच्चों को अंग्रेजी बोलने का कोर्स करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाल कल्याण परिषद की गतिविधियां और बढ़ाई जाएंगी। दादरी शहर के कुछ प्रबुद्ध नागरिकों से भी इस विषय में उनकी मुलाकात हुई है। शहर की गांधीनगर कालोनी में बने सामुदायिक भवन परिसर में सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर व कंप्यूटर कोचिंग सेंटर जैसी सेवाएं आरंभ होने जा रही है। उपायुक्त ने उनको विश्वास दिलवाया है कि जिला बाल भवन का निर्माण करवाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जारी है। महासचिव रंजीता मेहता ने कहा कि राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की रहनुमाई में बाल कल्याण की अनेक योजनाएं प्रदेश स्तर पर चलाई जा रही हैं।
रंजीता मेहता ने कहा कि हर जिले में 500 बच्चों को अंग्रेजी बोलने का कोर्स करवाया जाएगा। कक्षा 11वीं व 12 वीं के वे बच्चे जो कोचिंग क्लासों में नहीं जा पाते हैं, उनके लिए वर्चुअल कोचिंग कोर्स की व्यवस्था करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ बनाना, उनकी रुचि के अनुसार उन्हें डांस, नाटक, चित्रकला, गायन आदि कलाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन देना बाल कल्याण परिषद का मुख्य ध्येय है। इस मौके पर बाल कल्याण परिषद के मंडल अधिकारी अनिल मलिक, जिला बाल कल्याण अधिकारी वजीर सिंह दांगी, सूबे सिंह, विकास व उदय आदि मौजूद रहे।
बाल भवन का किया निरीक्षण -
महासचिव रंजीत मेहता ने जिला बाल कल्याण परिषद के आजीवन सदस्य बलराम गुप्ता, जिला बाल संरक्षण समिति की चेयरपर्सन शिल्पी मड़िया, रोशनी शर्मा, डॉ. संजीव मड़िया व पवन कुमार आदि से मुलाकात की। उन्होंने परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर विचार-विमर्श किया और शहर की सैनी धर्मशाला में चल रहे बाल भवन का भी निरीक्षण किया।
------
फोटो 01
पत्रकारों से रूबरू होतीं राज्य बाल कल्याण परिषद की महासचिव रंजीता मेहता।
फाटो 02
रंजीता मेहता का अभिनंदन करते जिला उपायुक्त श्यामलाल पूनिया।