फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 7 घंटे लगातार हटाया अतिक्रमण, 350 चबूतरे और टिन शेड तोड़े

Fri, 13 Oct 2023 11:12 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तैनात पुलिस जवान और पीला पंजा चलते देखते शहरवासी। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिला प्रशासन ने शुक्रवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान का दूसरा चरण शुक्रवार से शुरू कर दिया है। इससे अभियान बंद होने की उम्मीद लगाए बैठे अतिक्रमणकारियों को करारा झटका लगा है। शुक्रवार सुबह नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी टीम ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस फोर्स और जेसीबी और ट्रैक्टरों के साथ बाजरों में औचक कार्रवाई के लिए पहुंची तो अतिक्रमण से बचे दुकानदारों के होश फाख्ता हो गए। आनन-फानन में सबसे पहले बाहर रखा सामान अंदर शिफ्ट किया और धड़ाधड़ टिन शेड हटाने में जुट गए। हालांकि इसका टीम पर कोई असर नहीं दिखा। टीम ने 7 घंटे की नॉन स्टॉप कार्रवाई में 350 टिन शेड और चबूतरे तोड़े।
विज्ञापन


बता दें कि शहर में पिछले करीब एक सप्ताह से अतिक्रमण हटाओ अभियान बंद था। रविवार और वीरवार को डीसी मनदीप कौर ने स्वयं हालातों का जायजा लिया और अतिक्रमण वाली जगहों की फोटो अपने मोबाइल में कैद की। इसके बाद से ही प्रशासन के दोबारा कार्रवाई शुरू करने के कयास लगाए जा रहे थे। शुक्रवार को हुई औचक कार्रवाई के बाद ये कयास सही साबित हुए।
शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए शुरू किए गए अभियान का दूसरा चरण शुक्रवार से डीसी मनदीप कौर के आदेश पर शुरू कर दिया गया है। नगर परिषद की ओर से अभियान के लिए बाकायदा पुलिस बल व ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त करवाया गया है। इस कार्य के लिए नगर परिषद की ओर से एसडीएम को लिखे गए पत्र में कहा गया कि 13 से 18 अक्तूबर तक शहर में अवैध कब्जों को हटवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला एवं पुरुष पुलिस बल सहित ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थित जरूरी है। नगर परिषद के अनुरोध पर उपमंडलाधीश नवीन कुमार ने जिलाधीश के आदेशों पर सीआरपीसी की धारा 23 एक के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए।
विज्ञापन

- इन ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में होगी कार्रवाई
एसडीएम ने 13 से 15 अक्तूबर तक लोहारू वाटर सप्लाई के उपमंडल अभियंता प्रदीप कुमार को और 16 से 18 अक्तूबर तक लोहारू वाटर सप्लाई के उपमंडल अभियंता संदीप कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि सभी अवैध कब्जों पर कार्रवाई होगी। व्यवस्थाओं के लिए चरणबद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
- इन मार्गाें पर की कार्रवाई
शुक्रवार को संयुक्त नगर परिषद टीम ने मंगल मार्केट चौक से लेकर लाला लाजपतराय चौक तक और फिर वैश्य स्कूल रोड चौक से अंडरपास के पास से होते हुए ढाणी फाटक तक कार्रवाई की। इसके अलावा एक अन्य टीम ने जेसीबी के साथ पुराना दिल्ली रोड पर कार्रवाई कर टिन शेड और चबूतरों को ध्वस्त किया।

- महिला दुकानदार बोली : सामने वालों पर नहीं हुई कार्रवाई, हमारे सामने लगाते हैं ठुमके
कार्रवाई के लिए पहुंची टीम से एक महिला दुकानदार ने एक समान कार्रवाई की मांग की। उक्त महिला ने कहा कि हमारी दुकानों के चबूतरे व टिन शेड तोड़ी गई हैं, लेकिन सामने वाले दुकानदारों का अतिक्रमण जस का तस है। कार्रवाई से अब तक बचे रहने वाले दुकानदार हमारे सामने आकर ठुमके लगाते हैं। यह सुनकर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू करवा दी।

- जिस नाम का टूटा बोर्ड, उसी भगवान के लगाए जयकारे
पहले इस तरह की कार्रवाई झेल चुके दुकानदार शुक्रवार की कार्रवाई से खुश दिखे। उनकी खुशी का आलम ये रहा कि जिस टिन शेड पर जो नाम लिखा था, उस नाम वाले भगवान के उन्होंने जयकारे लगाए। उदाहरण के तौर पर अगर किसी दुकान का नामकरण बालाजी के नाम से रहा तो टिन शेड टूटते ही बालाजी महाराज की जय का जयकारा लगा।

डीसी बोलीं -स्वयं कब्जे हटाकर उदाहरण पेश कर रहे लोग
डीसी मनदीप कौर ने कहा है कि शहर में अवैध रूप से किए गए किसी भी कब्जे को छोड़ा नहीं जाएगा। सभी कब्जों पर बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जा रही है। अब शहर के लोग भी सजग हो रहे हैं और अपने आप कब्जों को हटा रहे हैं जोकि पूरे शहर के लिए अच्छी बात है।


- ...इसलिए चरणबद्ध तरीके से चलाई जा रही मुहिम
डीसी मनदीप कौर का कहना है कि कब्जों को हटाने के दौरान काफी मलबा निकल रहा है। इस मलबे को हटाकर वहां सड़क की मरम्मत करवाना, सड़क के बीच में आ रहे बिजली के पोल को शिफ्ट करवाना और उसके बाद साफ-सफाई सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इसी को देखते हुए अतिक्रमण अभियान को चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें