डीएसपी अशोक कुमार ने कहा कि अपने जान व माल की सुरक्षा हमारी प्रमुखता होनी चाहिए। वर्तमान समय में सुरक्षा की दृष्टि से नई तकनीक का जमाना है, इसलिए सभी बैंक अधिकारी, पेट्रोल पंप संचालक व सराफा बाजार के कारोबारी प्रतिष्ठान पर उच्च तकनीक वाले सीसीटीवी लगाएं और उनकी कवरेज प्रतिष्ठान के मुख्य सड़क पर रखें। उन्होंने कहा कि देखने में आता है कि प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी का एंग्ल सिर्फ उनके प्रतिष्ठानों तक सीमित रहता है। वहीं, अपराधियों की धरपकड़ के लिए चौक व रोड के ऊपर कमरे का एंग्ल होना अति आवश्यक है। इससे अपराधियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।
डीएसपी ने कहा सीसीटीवी में सामने से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने सराफा बाजार के व्यापारियों से कहा कि ज्वेलरी बेचने आने वालों के पहचान पत्र अवश्य देखें और ही एक रजिस्टर में उनके नाम, मोबाइल नंबर व एड्रेस लिखें। सुरक्षा की दृष्टि से डायल 112 व पुलिस की गाड़ियां बाजारों में पेट्रोलिंग करती रहती है। किसी भी प्रकार की आशंका होने पर बिना किसी देरी के पुलिस को सूचित करें।
- व्यापारी बोले : हमारे आर्म्स लाइसेंस बनाए जाए
बैठक के दौरान पेट्रोल पंप व ज्वेलरी शॉप संचालकों ने कहा कि उनके आर्म्स लाइसेंस बनवाए जाए। इस पर डीएसपी ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि वे इस संबंध में उपायुक्त से बात करेंगे और उनका जो निर्णय होगा उसकी जानकारी दे दी जाएगी।
- बैंक प्रबंधकों को इन बातों का रखना होगा ख्याल
. बैंक में लगा सेंसर अलार्म सही ढंग से कार्य करें।
. बैंक में 24 घंटे हथियार सहित गार्ड की तैनाती की जाए।
. सीसीटीवी उच्च गुणवत्ता के व चालू हालत में हो।
. बैंक का शटर गुप्त ताले से लेस हो और सेंट्रल लॉक लगा हो।
. बैंक में नगदी लाने और ले जाने के पर्याप्त प्रबंध हो।