चरखी दादरी। दादरी शहर के रेलवे रोड पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति लगातार बनी रहती है। पुरानी अनाज मंडी से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली इस सड़क के दोनों तरफ दुकानदारों द्वारा सामान सड़क पर रखा जाता है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और हर 10 मिनट में जाम लगने लगता है। जाम की स्थिति खासतौर पर स्कूल की छुट्टी के समय और मुख्य बाजार के दौरान अधिक गंभीर हो जाती है। इसका असर आम राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों पर भी पड़ता है।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, अतिक्रमण के कारण व्यापार पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। दुकानों के सामने सड़क का हिस्सा अवरुद्ध होने के कारण ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस स्थिति में दुकानदारों का कहना है कि अतिक्रमण हटवाने के लिए पहले उपायुक्त के प्रयास सफल रहे थे, लेकिन अब स्थिति फिर से बिगड़ गई है।
जाम लगने के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते। अधिकतर ग्राहक तो सड़क के बीच लगने वाली भीड़ के कारण भी दुकानों से दूरी बनाए रखते हैं। ग्राहकों के दुकानों में नहीं पहुंचने के कारण कारोबार पर विपरित प्रभाव पड़ रहा है। - राजकुमार, दुकानदार
मार्केट में दुकानों के सामने अतिक्रमण करने के लिए दुकानदारों में होड़ लगी रहती है। आपसी देखा-देखी के कारण दुकानों के अंदर कम तो दुकानों के बाहर ज्यादा सामान रखा हुआ है। इससे साथ वाली दुकान तक नहीं दिखाई देती है। दुकानों के सामने अतिक्रमण होने के चलते ग्राहक दुकानों को ढूंढ़ते रहते है। - सुनील कुमार, दुकानदार
हर रोज जाम लगने से स्कूली बच्चों को घर पहुंचने में काफी देरी हो जाती है। इससे अभिभावकों को भी चिंता सताने लगती है। कई बार तो बच्चों के समय पर घर नहीं पहुंचने के कारण अभिभावक ही स्कूल का रुख कर लेते है। लेकिन बच्चों को जाम में फंसा देख हैरान रह जाते हैं।- उमेद सिंह, अभिभावक
सड़क के बीच जाम लगने के कारण एक घंटे तक बाहर निकलने का इंतजार करना पड़ता है। रोजाना खाना खाने के लिए घर जाता हूं। जाम में फंसने से देरी से घर पहुंचने के कारण खाना भी समय पर नहीं खाया जाता। इसके तुरंत बाद दुकान पर पहुंचने की जल्दी हो जाती है। - लक्ष्मीनारायण, राहगीर
नगर परिषद के कर्मचारी लगातार दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए दिशा निर्देश देते हैं। इसके अलावा हमारी टीम लगातार अतिक्रमण हटवाने का अभियान चलाती है। जल्द ही टीम नियुक्त कर पूरे शहर में अतिक्रमण हटवाने का अभियान चलाया जाएगा। - राजेश कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद।।