मानव शृखला बनाकर कर्मचारियों ने दो घंटे तक किया लघु सचिवालय का घेराव
- सर्व कर्मचारी संघ और सीआईटीयू के आह्वान पर कर्मचारी प्रदर्शन में हुए शामिल, लघु सचिवालय में कड़ी रही सुरक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। सर्व कर्मचारी संघ व सीआईटीयू के संयुक्त आह्वान पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर दो घंटे तक लघु सचिवालय का घेराव किया। कर्मचारियों ने कृषि कानूनों को वापस लेने समेत एमएसपी की गारंटी और उनकी लंबित मांगों से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार अजय सैैनी को सौंपा। प्रदर्शन व घेराव कार्यक्रम की अगुवाई एसकेएस जिला प्रधान राजकुमार घिकाडा व सीटू जिला प्रधान कमलेश भैरवी ने संयुक्त रूप से की। संचालन कृष्ण ऊण व रणधीर कुंगड ने किया।
मुख्य वक्ता के तौर पर सर्व कर्मचारी संघ राज्य मुख्य संगठन सचिव धर्मवीर फौगाट, हेमसा राज्य सदस्य कृष्ण भागवी, किसान नेता राजू मान ने शिरकत की। इस दौरान कर्मी नेताओं व विभिन्न विभागों से जुडे कर्मचारियों ने सरकार पर प्रत्येक वर्ग के हितों की अनदेखी कर तुगलगी फरमान जारी करने के आरोप लगाए। मुख्य रूप से बिजली बिल 2020 निरस्त करने, किसान विरोधी तीन काले कृषि कानून रद्द करने, एमएसपी की गारंटी का कानून बनवाने, नई पेंशन नीति बंद कर पुरानी लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, डीए लागू करने, ठेका प्रथा बंद करने, 25 साल की सर्विस व 50 और 55 साल की आयु के जारी लेटर को वापिस करवाने की मांग का ज्ञापन सरकार के नाम जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन में ये यूनियनें हुईं शामिल
प्रदर्शन में हेमसा जिलाध्यक्ष विजय लांबा, मेकेनिकल जिला प्रधान सुभाष, भवन निर्माण कामगार यूनियन से जयभगवान, बाढड़ा सीटू से सुमेर व रोशन, बाढडा एसकेएस ब्लॉक प्रधान मास्टर दिलबाग, प्रविंद्र भांडवा, एमडीएम जिला प्रधान बबली, जगबीर, सूरताराम, वन विभाग से सुनील, बजरंग, पटवार यूनियन से विजय पूनिया, बिजली विभाग से ओमबीर कालेहर, पीटीआई जिला प्रधान सज्जन आदि ने भाग लिया।
30 मिनट तक बाधित रही बस स्टैंड रोड की ट्रैफिक व्यवस्था
कर्मचारी संघ के प्रदर्शन के चलते करीब 30 मिनट तक मुख्य बस स्टैंड रोड की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही। हालांकि आगे और पीछे चलकर पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों पर नजर बनाए रहे। कर्मचारियों के लघु सचिवालय के गेट में प्रवेश करने के बाद ही कोर्ट रोड की ट्रैफिक व्यवस्था भी बहाल हो पाई।
300 प्रदर्शनकारियों पर 150 पुलिसकर्मी किए तैनात
प्रदर्शनकारी सुबह साढ़े 11 बजे रो गार्डन में एकत्र हुए। इसके बाद दोपहर 12:10 पर प्रदर्शन की शुरूआत की। कर्मचारी वाया परशुराम चौक होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। घेराव कार्यक्रम में करीब 300 प्रदर्शनकारी शामिल हुए जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लघु सचिवालय में 150 पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
--------------
फोटो 31
शहर में प्रदर्शन करते कर्मचारी।
फोटो 32
मानव श्रृंखला बनाकर लघु सचिवालय का घेराव किए हुए कर्मचारी।
फोटो 33
लघु सयचिवालय में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए।
फोटो 34
कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए लघु सचिवालय में तैनात पुलिस बल।