चरखी दादरी। नई अनाज मंडी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और कपास की खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को स्थानीय किसान रेस्ट हाउस में आढ़तियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मोहन मकड़ानिया ने की। इसमें पूर्व प्रधान रामकुमार रिटोलिया सहित मंडी के सभी आढ़तियों ने भाग लिया और मंडी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
गौरतलब है कि नई अनाज मंडी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए मंडी आढ़तियों ने किसान विश्राम गृह में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान आढ़तियों ने नई अनाज मंडी में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई। आढ़तियों का कहना था कि मंडी में किसानों की फसल, कृषि सामग्री और अन्य सामान की सुरक्षा को लेकर पुख्ता व्यवस्था होना जरूरी है। मंडी में किसानों और आढ़तियों का रोजाना आवागमन रहता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने से चोरी की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की आवश्यकता जताई। आढ़तियों ने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों को अपनी फसल खुले में रखनी पड़ती है। ऐसे में चोरी की किसी भी घटना से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बैठक में मंडी परिसर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा खराब पड़े कैमरों को दुरुस्त करवाने पर भी जोर दिया गया।
खरीद प्रक्रिया हो पारदर्शी
आढ़तियों ने कहा कि कपास की खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और किसी प्रकार की शिकायत की स्थिति पैदा न हो। किसानों की फसल की गुणवत्ता, तौल और भुगतान प्रक्रिया में स्पष्टता बनाए रखने पर जोर दिया गया। आढ़तियों ने कहा कि खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी उपज से संबंधित सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जानी चाहिए।
प्रधान मोहन मकड़ानिया ने कहा कि मंडी आढ़ती किसानों और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। इसलिए किसानों की फसल की खरीद से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मंडी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके। पूर्व प्रधान रामकुमार रिटोलिया, विनोद गर्ग, दिनेश कुमार, संजय कुमार, सुमित कुमार सहित अन्य आढ़तियों ने भी मंडी की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर अपने सुझाव रखे।