विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान उपायुक्त से लिपटकर रोती रजनी।
चरखी दादरी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों व अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्तियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुुंचाना है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उपायुक्त मनदीप कौर ने सांजरवास व सांकरोड में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सही पत्र नागरिकों को मिले, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा को शुरू करने का भी यही लक्ष्य है। यात्रा के माध्यम से उन सभी पात्र लोगों को लाभ दिलवाया जाएगा, जो किसी कारण से लाभ नही ले पाए हैं।
इस दौरान योजनाओं के लाभार्थियों में से एक गरीब परिवार की विकलांग बच्ची रजनी को उपायुक्त ने रसोई गैस और उसकी दिव्यांग पेंशन के कागजात सौंपे, तो वह भावुक हो गईं। जिस पर उपायुक्त ने छोटी बच्ची रजनी का हौसला बढ़ाते हुए उसकी माता से पूछा कि इस काम के लिए कही चक्कर तो नहीं काटने पड़े, तो उन्होंने कहा कि घर बैठे ही हमारा सारा कार्य हो गया। उन्हें और उनकी बेटी को किसी भी कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े।
इसके साथ ही इस मौके पर उपायुक्त ने गांव सांजरवास के सबसे उम्रदराज बुजुर्ग 108 वर्षीय गिल्लूराम को सम्मानित करते हुए उनका आशीर्वाद लिया और उनके परिजनों से बातचीत की। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी उमराव सिंह एवं भगता सिंह के परिजनों को भी सम्मानित करते हुए गांव की अन्य गण्यमान्यों, कर्मचारियों, स्कूली प्रतियोगिताओं में विजयी स्कूली बच्चों को उपायुक्त ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
उपायुक्त ने जनसंवाद करते हुए ग्रामीण की समस्याएं सुनी और कई का मौके और निपटान करते बाकी का जल्द समाधान करने कि निर्देश संबंधित विभागों को दिए। इस मौके पर उज्ज्वला योजना के तहत तीन परिवारों को फ्री गैस कनेक्शन, 10 लोगों को बुढ़ापा पेंशन सहित अनेक योजनाओं की लाभार्थियों को मौके पर ही प्रमाणपत्र सौंपे गए। इस मौके पर जिला अध्यक्ष भाजपा सतेंद्र परमार, यात्रा के पार्टी प्रभारी ओमबीर महराणा आदि मौजूद रहे।