फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: एचटेट पर पुलिस का कड़ा पहरा, एक सेंटर पर 24 पुलिस कर्मचारी रहे तैनात तो 200 मीटर दूर खड़े करवाए वाहन

विज्ञापन
परीक्षा केंद्र में एंट्री के लिए लगी परीक्षार्थियों की लाइन।
विज्ञापन
चरखी दादरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से शनिवार को हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल 3 में पुलिस का कड़ा पहरा रहा। स्थिति यह रही कि एक परीक्षा केंद्र पर 24 पुलिस कर्मचारी तैनात रहे। यही नहीं परीक्षार्थियों के परिजन व उनके वाहन केंद्र से 200 मीटर दूर खड़े करवाए गए। दुकानदारों ने परीक्षार्थियों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उनका सामान रखने की एवज में उनसे 50 रुपये वसूले।
विज्ञापन

बता दें कि परीक्षा को लेकर जिले में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिन पर दो दिन परीक्षा होगी। पहले दिन शनिवार को हुई लेवल 3 की परीक्षा का समय दोपहर बाद 3 से 5:30 बजे का था। मगर केंद्र में एंट्री टाइम 2 बजे निर्धारित किया गया था। परीक्षार्थी सुबह 11 बजे ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। हालांकि कुछ परीक्षार्थी 2 बजे के बाद भी पहुंचे, लेकिन उनकी एंट्री भी करवा दी गई।
फोरलेन रोड के दूसरी तरफ बैठे लोगों को भी उठाया
परीक्षा केंद्र पर पुलिस ने इतनी सख्ती की हुई थी कि जनता महाविद्यालय में बने केंद्र पर कुछ परीक्षार्थियों के परिजन फोरलेन रोड के दूसरी तरफ जाकर बैठ गए। मगर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें वहां बैठने की भी अनुमति नहीं दी और उन्हें वहां से उठा दिया। यही नहीं कुछ लोगों ने दूसरी तरफ सड़क किनारे अपने वाहन खड़े कर दिए तो पुलिस अधिकारी ने वहां तैनात पुलिस कर्मचारी को डांटा और कहा कि यहां किसी के भी वाहन न खड़े होने दें।
विज्ञापन

हालांकि इस बारे में पुलिस कर्मचारियों का तर्क था कि धारा 144 लागू होने की वजह से ऐसा किया जा रहा है। एक परीक्षा केंद्र पर 24 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती रही, जिसमें दो एसआई और 22 पुलिस कर्मचारी शामिल रहे। 22 पुलिस कर्मचारियों में सिपाही, हवलदार, एसपीओ, होम गार्ड शामिल रहे। इसके अलावा दुर्गा शक्ति, डायल 112, पुलिस राइडर भी परीक्षा केंद्र पर चक्कर काटते रहे।
महिला परीक्षार्थियों को उतारनी पड़ी चूड़ियां
इस दौरान काफी महिला परीक्षार्थी चूड़ियां व अन्य शृंगार का सामान पहनकर पहुंची। महिला परीक्षार्थियों को सिर्फ मंगलसूत्र पहनकर व बिंदी लगाकर परीक्षा केंद्र में आने की अनुमति थी। इस कारण से उन्हें परीक्षा केंद्र के बाहर ही यह सामान उतारना पड़ा। इसके अलावा पुरुष परीक्षार्थी भी केंद्र के बाहर बेल्ट आदि सामान उतारते दिखे।
परीक्षा केंद्रों के पास स्थित दुकानों ने उठाया मजबूरी का फायदा
परीक्षा केंद्रों के पास स्थित दुकानों के संचालकों ने परीक्षार्थियों की मजबूरी का खूब फायदा उठाया। इस दौरान उनका सामान रखने को लेकर दुकानदारों ने उनसे 50 रुपये तक वूसले। इस पर कुछ परीक्षार्थियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह राशि बहुत ज्यादा है तो दुकानदारों ने जवाब दिया कि आप अपना सामान कहीं अन्य जगह रख लो।
महिला परीक्षार्थी गई केंद्र के अंदर, परिजनों ने संभाले बच्चे
इस दौरान काफी महिला परीक्षार्थी अपने छोटे बच्चों के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंची। महिला परीक्षार्थी परीक्षा देने केंद्र के अंदर गईं तो बच्चों को उनके परिजनों ने संभाला। कुछ बच्चे तो इस दौरान राेते हुए भी नजर आए और उनके परिजन उन्हें चुप करवाने के लिए मशक्कत करते रहे।
आज दो चरणों में होगी परीक्षा
रविवार को लेवल 2 व लेवल 1 की परीक्षा होगी। लेवल 2 की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। इस दौरान 3465 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक लेवल 1 की परीक्षा होगी, जिसमें 1276 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
94 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नवीन नारा ने बताया कि इस परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की तरफ से 8 सेंटर बनाए गए थे। जिन पर 2272 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 2140 परीक्षार्थी ही परीक्षा में उपस्थित हुए। 132 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें