चरखी दादरी। बिजली निगम ने त्योहारी सीजन के लिए आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने का काम पूरा कर लिया है। निगम की योजना है कि जिलावासियों को दिवाली पर्व पर नियमित बिजली आपूर्ति मिले। इसके लिए निगम ने एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की है।
जिले भर में 179 फीडर के जरिये बिजली आपूर्ति की जाती है। जिले की कुल बिजली खपत 8 करोड़ 50 लाख यूनिट है। यहां 1.70 लाख उपभोक्ता हैं। त्योहारी सीजन पर बिजली की खपत में 15 फीसदी की अतिरिक्त वृद्धि हो जाती है।
शहर में दो मुख्य पावर सब स्टेशन हैं। इनमें चरखी पावर सब स्टेशन और रेलवे रोड स्थित पावर स्टेशन शामिल हैं। इनके माध्यम से शहर के 85 फीसदी हिस्से में बिजली पहुंचाई जाती है।
रेलवे रोड सब स्टेशन से करीब 55 फीसदी क्षेत्र को आपूर्ति मिलती है। शहर के कुछ क्षेत्रों में पास के गांव घसोला पावर सब स्टेशन से भी बिजली दी जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई गांवों में सब स्टेशन बने हैं, जैसे बेरला, मोरवाला, सांजरवास और बाढड़ा।
शहर में लगभग 20 हजार बिजली उपभोक्ता हैं, जिन्हें 2300 बिजली ट्रांसफार्मर के जरिये आपूर्ति मिलती है। शहर में कुल 15 फीडर हैं। निगम ओवरलोड ट्रांसफार्मर का लोड कम कर रहा है, पुराने जम्पर बदल रहा है। ट्रांसफार्मरों में तेल की मात्रा की जांच हो रही है। जरूरत के अनुसार केबल भी लगाई जा रही हैं ताकि फॉल्ट कम आएं।
शहर में वैसे तो 24 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है, पर फॉल्ट ज्यादा आने से आपूर्ति अक्सर प्रभावित रहती है। शहर की प्रतिदिन की बिजली खपत पौने तीन लाख यूनिट है।
कर्मचारी बारी-बारी से फीडरों को दुरुस्त कर रहे हैं। इस मरम्मत से आने वाले सर्दी के मौसम में उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होगी। सर्दी में सुबह-शाम लोड बढ़ने से पेयजल आपूर्ति भी चरमरा जाती है।