फोटो 21 : बिजली निगम कार्यालय परिसर में धरने पर नारेबाजी करते कर्मचारी। संवाद
फोटो 22 : उपायुक्त की ओर से नियुक्त किए गए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के चस्पा किए आदेश। संवाद
रेलवे रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय परिसर में बिजली कर्मचारियों का धरना जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी के रेलवे रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय परिसर में कर्मचारियों के तबादले के विरोध में बिजली कर्मचारियों का धरना जारी है। वीरवार को 18वें दिन प्रशासन की ओर से आदेश जारी कर धरने को हटाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता को तैनात कर दिया गया है। साथ ही पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस अधीक्षक को भी पत्र लिखा गया है। कर्मचारियों की पेन-प्लास छोड़ हड़ताल के चलते कार्यकारी अभियंता कार्यालय के बाहर कर्मचारियों की ओर से जोरदार नारेबाजी की गई।
जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की है। इस आदेश की कॉपी को धरना स्थल के पास लगाया गया है। कार्यकारी अभियंता ने उपायुक्त को भेजे अनुरोध में लिखा है कि बड़ी संख्या में निगम कर्मचारी कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर नारेबाजी कर रहे हैं। इससे कार्यालय के सामान्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन को आशंका है कि यह स्थिति किसी भी समय कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न कर सकती है।
सुरक्षा व संपत्ति को बताया खतरा
बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता ने उपायुक्त को लिखे पत्र में बताया कि कार्यालय परिसर में लगातार भीड़ जमा होने से कैश काउंटर संचालन और क्षेत्रीय समन्वय सहित आवश्यक सरकारी कार्य बाधित हो रहे हैं। इससे जन सुरक्षा और सरकारी संपत्ति को गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। इसलिए उन्होंने निगम कार्यालय में लगे टेंट को हटाने व कार्यालय परिसर में धरने को शांतिपूर्ण ढंग से हटाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने बारे अनुरोध किया था।
शांतिपूर्वक चल रहा धरना : प्रधान
धरने की अध्यक्षता कर रहे प्रधान अनिल फोगाट ने कहा कि पिछले 18 दिनों से शांतिपूर्वक धरना चल रहा है। किसी प्रकार का गैरकानूनी कार्य कर्मचारियों की ओर से नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन उन्हें डरा कर धरना खत्म करवाना चाहता है लेकिन जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, धरना जारी रहेगा।