चरखी दादरी में बीएलओ को बूथ नंबर लिखने के आदेश देतीं उपायुक्त मनदीप कौर।
चरखी दादरी। केएन स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचीं। मतदान केंद्र से करीब 50 मीटर की दूरी पर जिला निर्वाचन अधिकारी को एक प्रत्याशी का चुनावी बूथ बना मिला।
वहां कोई बूथ एजेंट मौजूद नहीं मिला, जबकि मतदाताओं की सूची वहां रखी मिलीं। इसके तत्काल बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने उस चुनावी बूथ को वहां से हटवाया और 200 मीटर की दूरी में ये बूथ बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने उस दुकानदार से भी बातचीत की, जिसकी दुकान के सामने ये बूथ बनाया गया था।
मतदाताओं को नहीं मिली मत पर्चियां, मौके पर बनवानी पड़ी
चरखी दादरी। निर्वाचन अधिकारी की ओर से मतदान से पहले भी विशेष अभियान चलाकर मतदाताओं के घरों तक मत पर्चियां भिजवाई गई थीं। इसके बावजूद काफी संख्या में मतदाताओं को पर्ची नहीं मिली। मतदाताओं को मतदान केंद्र में बीएलओ से मतदान के लिए पर्ची बनवानी पड़ी।
डीसी मनदीप कौर ने मतदान के दौरान हर प्रकार की व्यवस्था एवं सुविधाओं का आकलन किया। इसी क्रम में उन्होंने केएन स्कूल मतदान केंद्र में बीएलओ को निर्देश दिए कि वे निर्धारित जगह पर बूथ नंबर अवश्य लिखें। प्रशासन ने प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की ड्यूटी लगाई ताकि वे पर्ची बनाकर मतदाता की मदद करें। डीसी मनदीप कौर ने बीएलओ के कामकाज की भी समीक्षा की।