चरखी दादरी। नीट में हुई गड़बड़ी को लेकर युवाओं ने रोजगार्डन के सामने प्रधानमंत्री व केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंक विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस युवा प्रदेश सचिव व रेवाड़ी जिला प्रभारी नीटू चरखी ने कहा कि नीट, नेट तक, सीईटी, एचसीएस व अन्य सरकारी भर्तियों के पेपर आए दिन लीक हो रहे हैं। इनमें अनियमितताओं का बोलबाला है।
उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में हो रहे घोटालों और पेपर लीक के मामलों से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नीटू ने केंद्र सरकार पर युवाओं के हितों पर कुठाराघात करने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि नीट में छोटी से छोटी लापरवाही की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। पेपर लीक एक अपराध है। इसके लिए सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। इस मौके पर सुनील उर्फ डाला, अजेश चरखी, सोनू सांगवान, मोनू बलकरा, अमित डागर, काटू रावलधी, परम सांगवान, हिमांशु चरखी, सुबोध सांगवान आदि प्रदर्शन में शामिल रहे।