संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। हड़ौदी निवासी एक सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक से साइबर अपराधियों ने 13 हजार रुपये ठग लिए। यह राशि आधार कार्ड अपडेट करवाने का झांसा देकर ठगी गई। सीएससी संचालक की शिकायत पर दादरी साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर गिरोह से जुड़ी एक युवती ने फोन पर उसके साथ गाली-गलौज भी की।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में वेदपाल ने बताया कि 18 जून को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने शख्स ने बताया कि वह यूडीआई कंपनी से बात कर रहा है। उसने आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए आईडी बनाने की बात कही। इसके बाद उसकी मेल पर आईडी नेम और पासवर्ड भेजा गया। वेदपाल ने बताया कि 19 जून को आरोपियों ने उसके फोन में वनपे एप डाउनलोड करवाई और क्यूआर कोड पर एक हजार रुपये भेजने की बात कही। वेदपाल ने बताया कि इसके बाद उससे अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये 13 हजार रुपये खातों में डलवाए गए। इसके बाद भी जब आरोपियों ने 6000 रुपये की मांग की तो उसने अपनी रकम वापस मांग ली। इसी दौरान गिरोह से जुड़ी युवती उससे फोन पर गाली-गलौज करने लगी और रुपये वापस देने से इंकार कर दिया। इसके बाद वह साइबर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई।