शहर से गुजरने वाले मुख्यमार्गों के डिवाइडर्स के रख-रखाव के प्रति पीडब्ल्यूडी अधिकारी गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। बस स्टैंड रोड और महेंद्रगढ़ रोड पर 25 कट हैं, जबकि रेलिंग टूटने के कारण 32 अवैध कट बने हुए हैं। दोनों मुख्यमार्गों पर 24 घंटे लावारिस गोवंश घूमते रहते हैं, तो क्षतिग्रस्त रेलिंग के टुकड़ों से निकलकर सड़क पार करते रहते हैं। इस तरह गोवंश के अचानक से वाहनों के सामने आने पर कई हादसे हो चुके हैं।
अमर उजाला टीम ने रविवार को शहर के बस स्टैंड रोड और महेंद्रगढ़ रोड पर बने अवैध कटों और जर्जर रेलिंगों का जायजा लिया। बस स्टैंड रोड पर सिविल अस्पताल से लेकर परशुराम चौक तक 18 कट मिले। करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी में 15 जगह पर रेलिंग कंडम मिली। एक जगह पर रेलिंग का 20 फीट का तो दूसरी जगह पर 15 फीट का टुकड़ा गायब है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क हादसों में रेलिंग क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिन्हें विभाग ने अब तक दुरुस्त नहीं करवाया है।
वहीं, महेंद्रगढ़ चौक से लेकर कॉलेज रोड आरओबी तक की दूरी करीब ढाई किलोमीटर है। इस मुख्यमार्ग पर सात कट हैं, जबकि 17 जगह से रेलिंग कंडम है। यहां तीन जगहों पर रेलिंग का 40, 20 और 15 फीट के टुकड़े गायब हैं। इस रोड पर गत दिनों ही गोवंश आने पर बाइक सवार घायल हुआ था।
दोनों मार्गों से प्रतिदिन गुजरते हैं 20 हजार वाहन
ये दोनों शहर की व्यस्त मार्ग हैं। प्रतिदिन बस स्टैंड रोड से करीब 13 हजार वाहन गुजरते हैं। वहीं, महेंद्रगढ़ रोड से भी प्रतिदिन करीब सात हजार वाहन गुजरते हैं। बस स्टैंड रोड से दुपहिया वाहनों का तो महेंद्रगढ़ रोड से भारी वाहनों का आवागमन अधिक रहता है।
दोनों मुख्यमार्गों के डिवाइडर्स और रेलिंग का हमारी टीम जायजा लेगी। जल्द ही डिवाइडर्स की मरम्मत के साथ क्षतिग्रस्त रेलिंग को ठीक करवा दिया जाएगा।
सुरेंद्र दलाल, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी
Eclipse on beautification: 25 cuts on two mainways, railing broken in 32 places- फोटो : CharkhiDadri