जूई। प्रदेश में चल रहे जनगणना कार्य के दौरान ड्यूटी आवंटन को लेकर अव्यवस्था सामने आई है। खंड कैरू के कई अध्यापकों की ड्यूटी उनके नजदीकी क्षेत्रों में लगाने के बजाय 25 से 30 किलोमीटर दूर गांवों में लगा दी गई जिससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है। शिक्षकों का कहना है कि नियमों के अनुसार ड्यूटी 10 किलोमीटर के दायरे में लगाई जानी चाहिए लेकिन इसके विपरीत उन्हें तोशाम और आसपास के दूरस्थ गांवों में भेजा गया है।
वहीं स्कूल समय में जनगणना कार्य की अनुमति नहीं होने के कारण शिक्षकों को स्कूल के बाद लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है जो व्यावहारिक रूप से कठिन है। महिला शिक्षकों का कहना है कि शाम के समय परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से उनकी सुरक्षा को खतरा रहता है। कई मामलों में स्थानीय अध्यापकों को जनगणना कार्य में शामिल नहीं किया गया जबकि बाहर के शिक्षकों को दूर-दराज क्षेत्रों में भेजा गया है।
शिक्षकों ने आरोप लगाया कि जिन क्षेत्रों में ड्यूटी लगाई गई है वहां के कई कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण तक नहीं दिया गया, जिससे कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। अध्यापकों ने प्रशासन से मांग की है कि ड्यूटी स्थानीय स्तर पर लगाई जाए और सभी संबंधित कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।