जिला में नशे के प्रभाव को बढ़ने से रोकने के लिए जिला पुलिस अब ऑपरेशन प्रहार चलाएगी। पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने इसकी शुरूआत करने के निर्देश सभी थाना और चौकी प्रभारियों को दे दिए हैं। पुलिस अधीक्षक का मानना है कि आमजन का सहयोग इसमें सबसे महत्वपूर्ण रहेगा। नशा बेचने वालों और सप्लायरों की सूचना देने के लिए पुलिस ने तीन अलग-अलग नंबर भी जारी किए हैं। जो व्यक्ति नशा बेचने वालों को पकड़वाएगा, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा और पुलिस इनाम देकर सम्मानित करेगी।
चरखी दादरी जिले की अगर बात करें तो 2019 में एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में 142 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इस वर्ष दर्ज हुए मामलों की अगर स्थिति देखें तो मादक पदार्थ अधिनियम से साढ़े पांच गुना अधिक आबकारी अधिनियम के केस दर्ज हुए हैं। जनवरी 2019 से लेकर 25 दिसंबर तक जिले के दादरी सिटी, दादरी सदर, बाढड़ा, झोझूकलां और बौंदकलां थाने में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के 18 मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस टीमों ने इन मामलों में 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस टीमों ने गांजा, चरस, डोडा पोस्त और स्मैक बरामद की है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार 2019 में गिरफ्तार किए गए 26 आरोपियों के पास से 865 ग्राम चरस, 20 किलोग्राम डोडा पोस्त, 235 मिलीग्राम स्मैक और डेढ़ किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। गत दिनों ही एक व्यक्ति के पास से एक किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
वहीं, आबकारी अधिनियम के तहत 2019 में 99 मामले अब तक दर्ज हुए हैं। इन मामलों में 116 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अंग्रेजी और देशी शराब के अलावा बियर की बोतलें भी बरामद की गई हैं। पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2019 में जिले के दादरी, बाढड़ा, बौंदकलां और झोझूकलां क्षेत्र के गांवों से काफी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी गई है। पुलिस ने 2019 में 11986 बोतल देशी शराब, 9434 अंग्रेजी शराब और 173 बोतल बियर बरामद की है। ज्यादातर आरोपियों की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर हुई है।
यहां बिकता मिला पुलिस को नशा
मादक पदार्थ के तहत दर्ज मामलों की अगर बात करें तो चरस, गांजा और डोडा पोस्त के अलावा स्मैक भी बरामद हुई है। दादरी शहर की अगर बात करें तो वाल्मीकि बस्ती में मादक पदार्थ बेचने पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। शहर के अलावा रावलधी, समसपुर, झोझू, कलियाणा व बाढड़ा उपमंडल के गांवों से मादक पदार्थ सहित आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अवैध शराब बेचने के आरोपियों को जिले के करीब तीस अलग-अलग गांवों से पुलिस टीमों ने पकड़ा है।
इन नंबरों पर दें नशा बेचने वालों की सूचना
टोल फ्री नंबर:: 1800-180- 1314
मोबाइल नंबर:: 70877-089947
लैंडलाइन नंबर:: 01733-253023
नशा बेचने वालों पर शिकंजा कसने के लिए ऑपरेशन प्रहार चलाया जाएगा। आमजन से अपील है कि वो इसमें सहयोग करें और अपने जिले को नशामुक्त बनाने में योगदान दें। नशा तस्करों और बेचने वालों को पकड़वाने वाले को पुलिस उचित इनाम देगी और सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा। पुलिस की टीमें इस मुहिम में जुट गई हैं।
मोहित हांडा, पुलिस अधीक्षक, चरखी दादरी