चरखी दादरी के चालक प्रशिक्षण केंद्र में तीन बसें कंडम हो जाएंगी।
चरखी दादरी। स्थानीय रोडवेज डिपो के चालक प्रशिक्षण केंद्र (डीटीसी) की तीन बसें जुलाई में कंडम हो जाएंगी। इन बसों के कंडम होने के बाद दादरी परिवहन डिपो के बेड़े में कुल 98 बसें ही रह जाएंगी। हालांकि अधिकारियों को उम्मीद है कि तब तक डिपो को आवंटित 15 नई बसें पहुंच जाएंगी और उसके बाद कुछ हद तक बसों की कमी दूर हो जाएगी।
स्थानीय परिवहन डिपो में पहले से ही बसों की कमी है। इसके बावजूद अगले माह डीटीसी की तीन बसें कंडम होने के कारण बेड़े से बाहर हो जाएंगी। इसके बाद चालक प्रशिक्षण केंद्र की सुविधाओं पर भी असर पड़ेगा और यहां प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को भी परेशानियों से जूझना पड़ सकता है।
दादरी डिपो के बेड़े में फिलहाल 101 बसें हैं जबकि 15 बसें किलोमीटर योजना के तहत चलतीं हैं। फिलहाल डिपो के बेड़े में करीब 74 बसें कम हैं। इस केंद्र की तीन बसें कंडम होने के बाद चालकों के प्रशिक्षण के लिए दो ही बसें बचेंगी। हालांकि स्थानीय अधिकारियों का दावा है कि इस केंद्र के लिए और बसों की व्यवस्था समय रहते कर दी जाएगी। इससे युवाओं को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।