चरखी दादरी। चार गांवों की पेयजल व्यवस्था में सुधार करने की कवायद जल्द ही धरातल पर शुरू होगी। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 7.08 करोड़ का बजट जारी कर दिया है। इस बजट राशि से घिकाड़ा जलघर का नवीनीकरण किया जाएगा जबकि गुडाना और बलाली में पेयजल लाइनें बदली जाएंगी। जल्द ही जनस्वास्थ्य विभाग तीनों गांवों की परियोजनाओं पर काम शुरू करवा देगा। बजट जारी होने की पुष्टि विधायक नैना सिंह चौटाला ने की है।
नैना चौटाला ने बताया कि प्रदेश सरकार ने बाढड़ा हलके के गांव बलाली में जलघर के नवीनीकरण और गांव के बचे हुए हिस्से में पाइप लाइन के लिए 1 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। इसके अलावा गांव गुडाना में जलापूर्ति की मुख्य पाइपलाइन को बदलने को भी सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान करते हुए 39 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।
विधायक ने बताया कि गांव घिकाड़ा जलघर के नवीनीकरण और आरसीसी स्टोरेज टैंक के निर्माण के लिए 5 करोड़ 9 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है जिससे गांव घिकाड़ा के साथ मिर्च के ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा क्योंकि मिर्च गांव में पेयजल आपूर्ति घिकाड़ा जलघर से ही की जाती हैं। विधायक नैना सिंह चौटाला ने बताया कि प्रदेश की गठबंधन सरकार आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सात करोड़ रुपये की लागत से चार गांवों की पेयजल व्यापक सुधार किया जाएगा।