फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 233 करोड़ की विकास परियोजनाओं को सरकार की स्वीकृति मिलने का इंतजार

Sun, 04 Feb 2024 01:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में विकास कार्याें का खाका खींचने के लिए पीडब्ल्यूडी को सरकार से स्वीकृति मिलने का इंतजार है। शहर में आरओबी निर्माण समेत दो एमडीआर (मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड) को चौड़ा करने और सड़कों के निर्माण की फाइल अधिकारी मुख्यालय भेज चुके हैं और इन्हें स्वीकृति मिलने का इंतजार है। करीब 233 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति मिलने के बाद ही विभाग धरातल पर काम शुरू करवाने के लिए आगामी प्रक्रिया में ला पाएगा।
विज्ञापन

किसी योजना की फाइल तीन माह पहले तो किसी की एक माह पहले सरकार के पास भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक इन्हें स्वीकृति नहीं मिल पाई है। वहीं, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इन विकास कार्याें को मंजूरी मिलने की उम्मीद है और इसके तत्काल बाद धरातल पर काम शुरू करवा दिया जाएगा।

जानिये...किस परियोजना पर कितनी आएगी लागत और क्या होगा फायदा
परियोजना:1- 78 करोड़ से रोहतक फाटक पर बनना है आरओबी
रोहतक फाटक पर ओवरब्रिज बनाने की योजना करीब 13 साल पहले कांग्रेस शासनकाल में तैयार हुई थी। उस दौरान इस परियोजना को ड्रॉप किया गया। बाद में भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद इस ओवरब्रिज का दोबारा एस्टीमेट मांगा था। पहले पीडब्ल्यूडी ने 25 करोड़ का प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद इसे बढ़ाकर 45 करोड़ किया गया। गत अक्तूबर में तीसरी बार 78 करोड़ का रिवाइज प्रपोजल सरकार को भेजा गया। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार वो मुख्यालय के संपर्क में हैं और उम्मीद है कि जल्द ही तीसरी बार भेजे गए एस्टीमेट को मंजूरी मिल जाएगी। रोहतक फाटक पर आरओबी बनने से प्रतिदिन करीब 20 हजार वाहन चालकों को बार-बार फाटक बंद होने से राहत मिलेगी।
विज्ञापन


परियोजना:2- दादरी-रोहतक और दादरी-कनीना रोड होगा चौड़ा
करीब 105 करोड़ के बजट से जिले के दो एमडीआर चौड़े होंगे। इनमें एक दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग है जबकि दूसरा दादरी-चिड़िया मार्ग है। इन दोनों मुख्य मार्गाें की चौड़ाई डेढ़ गुना की जाएगी। दोनों मुख्यमार्ग चौड़े होने से प्रतिदिन करीब पंद्रह हजार से ज्यादा वाहन चालकों को राहत मिलेगी। दोनों परियोजनाओं की फाइल तैयार कर अधिकारी मुख्यालय भेज चुके हैं। अब केवल सरकार से अनुमति मिलने का इंतजार है। वहीं, दूसरी ओर लंबे समय से दोनों मुख्यमार्गाें को चौड़ा करने की मांग उठ रही है और हादसों के रोकने के लिए भी इन दोनों मुख्यमार्गाें का चौड़ा करना जरूरी है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का तर्क है कि इन परियोजना को स्वीकृति मिलते ही टेंडर आमंत्रित कर दिया जाएगा।

परियोजना:3- विधायक कोष से दोनों हलकों में 50 करोड़ से बननी हैं सड़कें
दादरी और बाढड़ा हलके में विधायक कोष से 50 करोड़ रुपये सड़कों के निर्माण पर खर्च होने हैं। 25 करोड़ का बजट बाढड़ा हलके में और इतना ही बजट दादरी हलके में सड़कों के निर्माण पर खर्च होगा। बाढड़ा हलके की सड़कों का एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेजा जा चुका है और जल्द ही इसे भी स्वीकृति मिलने का इंतजार है। वहीं, दादरी हलके की सड़कों के निर्माण की योजना पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने हाल ही में तैयार की है और जल्द ही दादरी हलके की सड़कों का प्रस्ताव भी सरकार को स्वीकृति के लिए भेज दिया जाएगा। दोनों हलकों में 50 करोड़ रुपये सड़क निर्माण कार्य पर खर्च होने से वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। सूत्रों के अनुसार जल्द ही इन्हें स्वीकृति मिल जाएगी।


आरओबी निर्माण समेत दो एमडीआर को चौड़ा करने का प्रस्ताव सरकार को भेज चुके हैं। मुख्यालय की ओर से फिलहाल इन परियोजनाओं की स्टडी की जा रही है और जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। परियोजनाओं को स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया अमल में लाकर धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
विज्ञापन

-कृष्ण कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें