झोझूकलां में नाला रुकने से सड़क पर भरा दूषित पानी।
झोझूकलां। कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर बना नाला ओवरफ्लो होने से दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। नाले की सफाई न होने से यह समस्या बनी हुई है। दुकानदारों ने नाले का दोबारा निर्माण करने की मांग की है।
दुकानदार ईश्वर, अशोक, प्रदीप, संजीव, कमल, सुमित, मंगेज, दीपक, बिट्टू आदि ने बताया कि गांव में पांच साल पहले दूषित जल निकासी के लिए मुख्य रोड पर नाला बनाया था। इसका लेवल सही न होने के कारण इसमें पानी भरा रहता है। बस अड्डे पर दुकानें अधिक हैं। अब बारिश के बाद से नाला रुका हुआ है और इसकी सफाई नहीं हो पाई है। वे कई बार ग्राम पंचायत से सफाई की मांग कर चुके, लेकिन समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि नाले की सफाई का कार्य ग्राम पंचायत करती है। सफाई कर्मचारी गांव के दूसरे तरफ सफाई करते हैं, लेकिन इस ओर सफाई करने नहीं आते। दुकानों के सामने पानी भरने से बदबूदार माहौल रहता है। साथ ही मच्छर भी पनपते रहते हैं। वाहनों के आवागमन से कई बार दूषित पानी दुकानों में भी आ जाता है। इससे ग्राहक भी उनकी दुकान पर आने से कतराते हैं।
लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है। इसका असर उनके व्यवसाय पड़ रहा है। कीचड़ देखकर ग्राहक दुकानों में नहीं आते और बाहर से ही किनारा कर चले जाते हैं। वे कई बार सरपंच के समक्ष भी अपनी बात रख चुके हैं। इसके पुनर्निर्माण की दरकार है। विभाग को अब इसका दोबारा निर्माण कराना चाहिए। इससे दुकानदारों को राहत मिलेगी।
गांव में ये समस्या पांच साल से बनी है। पंचायत की ओर से नियमित रूप से सफाई करवाई जाती है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी को भी अवगत कराया गया था। हाल ही में उन्होंने नाला निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया करने का आश्वासन दिया है। जल्द ही ग्रामीणों को इस समस्या से निजात दिलाई जाएगी।