चरखी दादरी से भाजपा की जिला अध्यक्ष डॉ. किरण कलकल।
चरखी दादरी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने बुधवार शाम प्रदेश प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की सूची घोषित कर दी। प्रदेश कार्यकारिणी के 25 सदस्यों में तो चरखी दादरी जिले से किसी भाजपा नेता का नाम शामिल नहीं किया गया, लेकिन चरखी दादरी में पुरुष जिला अध्यक्ष बनाने की 23 वर्ष पुरानी परंपरा टूट गई। भाजपा ने दादरी जिला अध्यक्ष पूर्व पार्षद डॉ. किरण कलकल को बनाया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब महिला को भाजपा ने दादरी जिला अध्यक्ष की कमान दी है।
डॉ. किरण ने वर्ष 1987 में भाजपा की सदस्यता ली थी। वर्ष 2014 तक वह झज्जर जिला के बेरी हलका में सक्रिय रहीं। इसके बाद वह इमलोटा आ गईं और उन्होंने जिला पार्षद का चुनाव लड़ा। इसमें उन्होंने जीत दर्ज की। जिला पार्षद रहने के साथ उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा में प्रदेश महामंत्री, रेवाड़ी और रोहतक प्रभारी, भाजपा प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी भी निभाई है। नई नियुक्ति से पहले वह प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य थीं। उनका 36 साल का जोड़ा और राजनीतिक पदों का अनुभव देखकर भाजपा ने उन्हें दादरी जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी है। उनसे पहले सतेंद्र परमार जिला अध्यक्ष रहे।
- अब तक ये बन चुके भाजपा जिला अध्यक्ष
भाजपा ने दादरी में वर्ष 2001 में संगठन की जिला कार्यकारिणी बनाई थी। उसके बाद से ही पुरुष जिलाध्यक्ष बनते आ रहे हैं। अब जाकर ये परंपरा टूटी है। विजय शेखावत भाजपा दादरी इकाई के पहले जिला अध्यक्ष रहे। उनके बाद ये जिम्मेदारी डॉ. बलवान सांगवान को दी गई। फिर ये पद नृपेंद्र श्योराण को मिला। उनके बाद एडवोकेट रामकिशन शर्मा और फिर सतेंद्र परमार को जिला अध्यक्ष की कमान दी गई।