सरपंच डॉ. ज्योति शर्मा।
बाढड़ा। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के समक्ष गांव कारी निवासी सरपंच डॉ. ज्योति शर्मा दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की कांफ्रेस में भू- जल और जल संसाधनों पर हरियाणा का पक्ष रखेंगी। 22 अप्रैल को राष्ट्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल विभिन्न राज्यों के 250 सरपंचों से जल संसाधनों के बारे में चर्चा करेंगे।
इस विचार गोष्ठी में हरियाणा से मात्र पांच सरपंच भाग लेंगे। भू-जल के गिरते स्तर व अन्य भविष्य की चिंताओं पर बैठक में विभिन्न राज्यों में जल संसाधनों की लगातार हो रही कमी पर चर्चा की जाएगी। अटल भू-जल योजना के माध्यम से जल संसाधनों मेंं बढ़ोतरी और उनके समान वितरण को लेकर चर्चा होगी।
डाॅ. ज्योति शर्मा ने बताया कि वे हरियाणा में भूमिगत जल के गिरते स्तर को लेकर केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाएंगी। हरियाणा में नहरी पानी की उपलब्धता की मांग करेंगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा लगातार ड्राई जॉन में जा रहा है। यहां सिंचाई और पीने के पानी की विकट समस्या मुंह बाएं खड़ी है। सरपंच ने कहा कि हरियाणा को उसके हिस्से का पानी नहीं मिल पा रहा है। अब हरियाणा के युवाओं के सामने घटती जोत और घटता पानी एक गंभीर समस्या है।