चरखी दादरी। गांव ढाणी फौगाट स्थित बाबा जोतनाथ मंदिर में ढाणी फौगाट और टिकान कलां पंचायत की ओर से वार्षिक उत्सव आयोजित किया गया। आयोजन का शुभारंभ हवन के साथ हुआ। इसके बाद कुश्ती दंगल और भंडारा भी हुआ। टिकान के पहलवान प्रतीक और आशीष ने 51,000 रुपये इनाम के दो बड़े दंगल जीते। प्रतीक ने भोली खुडन और आशीष ने विक्रम कोटिया को शिकस्त दी। जितेंद्र गोठड़ा और भोला आदमपुर के बीच हुआ तीसरा बड़ा दंगल बराबरी पर छूटा।
वहीं, 31,000 रुपये इनाम की कुश्ती में मोनू निमली ने सुमित महराणा को हराया। 21,000 रुपये की कुश्ती में हिमांशु टिकान ने संदीप बाघोत को शिकस्त दी। इस दौरान 11,000, 5,100, 3,100, 2,100, 1,100 और 500 रुपये इनामी राशि की कुश्ती भी करवाई गईं। पहलवानों के दांव-पेच से प्रभावित कुश्ती प्रेमियों ने सम्मान स्वरूप नकद राशि भी दी। श्रद्धालुओं ने बाबा जोतनाथ मंदिर के निर्माणाधीन भवन के लिए भी दान दिया।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने मांगी मन्नत
बाबा जोतनाथ में ग्रामीणों की काफी आस्था है। दूसरे जिलों या प्रदेशों में रहने वाले लोग भी वार्षिक उत्सव पर आते हैं। लोगों का मानना है कि अगर कोई सच्चे मन से बाबा से कुछ मांगे तो मन्नत अवश्य पूरी होती है। सोमवार को भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रांगण पहुंचकर मन्नत मांगी।