दादरी नागरिक अस्पताल में खड़ीं एंबुलेंस।
चरखी दादरी। जिले की एंबुलेंस सुविधा अब सीधे डायल 112 से जुड़ गई है। जिला स्वास्थ्य विभाग की 19 एंबुलेंस को इस सेवा से जोड़ा गया है और इसके बाद कॉल संख्या बढ़ गई है। पिछले डेढ़ माह के अंदर डायल 112 के जरिये जिला स्वास्थ्य विभाग के पास 400 कॉल पहुंची हैं। इससे पहले पुलिस विभाग की ओर से एंबुलेंस सेवा के लिए स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया जाता था, लेकिन अब आवश्यकता पड़ने पर एंबुलेंस के लिए कॉल सीधे विभाग के पास पहुंच रही हैं।
गौरतलब है कि दादरी जिला बनने के बाद सात सालों तक एंबुलेंस कंट्रोल रूम पुराने जिला मुख्यालय भिवानी से जुड़ा रहा। एंबुलेंस की जरूरत पड़ने पर पहले वहां फोन आता था और उसके बाद वहां से कॉल कर दादरी नागरिक अस्पताल या अन्य स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस घटनास्थल पर भेजी जाती थी। वहीं, एक दिसंबर से पहले जिले की एंबुलेंस सेवा डायल 112 सेवा से नहीं जुड़ी थी और दो कॉल के बाद एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध हो पाती थी।
वहीं, एक दिसंबर से सरकार के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग ने दादरी की एंबुलेंस सेवा को डायल 112 से जोड़ दिया है। इसके बाद से जरूरत पड़ने पर कॉल सीधे स्वास्थ्य विभाग के पास आ रही हैं। बार-बार कॉल करने का झंझट खत्म होने से अब एंबुलेंस कम समय में घटनास्थल पर पहुंच रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डायल 112 के तहत पुलिस विभाग की तरह ही एंबुलेंस के पहुंचने का अधिकतम समय निर्धारित किया गया है।
दिसंबर में 305 तो जनवरी में आईं 95 कॉल
एंबुलेंस सेवा डायल 112 से जुड़ने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग के पास दिसंबर माह में कुल 525 कॉल आईं और इनमें से 305 डायल 112 के तहत रहीं। इसी प्रकार एक से 14 जनवरी तक 238 कॉल आईं और इनमें से 95 कॉल डायल 112 के तहत रहीं।
जानिये...विभाग के पास किस श्रेणी की कितनी एंबुलेंस
श्रेणी - एंबुलेंस संख्या
एएलएस - 3
बीएलएस - 10
पीटीए - 6
सीएमओ ने जारी किए थे आदेश
नागरिक अस्पताल के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की एंबुलेंस सेवा को डायल 112 से जोड़ने के लिए कार्यवाहक सीएमओ डॉ. राजविंद्र मलिक ने सभी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को लिखित आदेश जारी किए थे। इसके बाद 20 दिसंबर को आदेश जारी एंबुलेंस के लिए डायल 112 पर कॉल संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए थे।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस सेवा डायल 112 से जोड़ दी है। इसके बाद कॉल संख्या बढ़ी है। फिलहाल विभाग के बेड़े में 19 एंबुलेंस हैं। इनमें एएलएस, बीएलएस और पीटीए शामिल हैं।
- उमेश सांगवान, जिला फ्लीट मैनेजर, एंबुलेंस सेवा