कोरोना काल में अगर किसी मरीज को एंबुलेंस नहीं मिल रही तो उसे इधर उधर भटकने की जरूरत नहीं, क्योंकि जिला पुलिस विभाग अब उसकी मदद करेगा। इसके लिए मरीज को पुलिस कंट्रोल रूम 100 या फिर 01250-222410 पर कॉल करनी होगी। इसके बाद पुलिस विभाग उसके लिए एंबुलेंस के तौर पर इनोवा गाड़ी भेजेगा। यह सुविधा निशुल्क रहेगी।
हरियाणा पुलिस की डायल-112 योजना के तहत पुलिस मुख्यालय के मार्फत चरखी दादरी पुलिस को तीन नई इनोवा गाड़ियां मिलीं हैं। कोरोना संक्रमण के चलते कोरोना योद्धा के रूप में अग्रिम पंक्ति पर रहकर मरीजों को पुलिस टीम ने इन गाड़ियों में अस्पतालों तक पहुंचाएंगी। एंबुलेंस की कमी को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। तीनों गाड़ियों पर आवश्यक स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। वर्तमान समय में कोरोना संक्रमित बढ़ रहे हैं और एंबुलेंस की कमी आड़े आ रही है। ऐसी स्थिति से मरीजों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने के लिए जिला पुलिस ने यह सुविधा शुरू कर दी है। आपात समय में कोई भी पीड़ित व्यक्ति एंबुलेंस उपलब्ध न होने की स्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 100, 01250-222410 या उप निरीक्षक वीर सिंह के मोबाइल नंबर 89300-27827 पर कॉल करके एंबुलेंस सुविधा का लाभ निशुल्क ले सकता है।
पुलिस विभाग को तीन इनोवा गाड़ी मिली हैं जिन्हें एंबुलेंस के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। मेरी अपील है कि आपात स्थिति में ही एंबुलेंस न मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम या ऊपर दिए गए नंबरों पर ही फोन करें। तीनों गाड़ियों पर स्टाफ तैनात कर दिया गया है।
विनोद कुमार, एसपी