चरखी दादरी। धनतेरस पर दादरी शहर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में जमकर धन बरसा और अकेले शनिवार को 5 करोड़ का कारोबार हुआ। यह सामान्य दिनों की तुलना में ढाई गुना अधिक है। बाजारों में चहल पहल से शहर के व्यापारी भी काफी खुश नजर आए। दादरी नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार तीन साल बाद उम्मीद के मुताबिक कारोबार हुआ है और खास बात यह रही कि सभी मार्केट ग्राहकों से गुलजार रही।
इलेक्ट्रॉनिक्स, गारमेंट्स, सर्राफा, बर्तन आदि मार्केट में सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। शहर के बस स्टैंड रोड, पुराना बस स्टैंड रोड, रेलवे रोड, मेन बाजार, पुरानी सब्जी मंडी रोड पर सबसे अधिक भीड़ रही। इस भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए। कोर्ट रोड और मेन बाजार में चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए पुलिस ने पांच जगह बैरिकेड्स लगाए। शहर में सुबह से शाम तक इन बैरिकेड्स पर पुलिस कर्मी तैनात रहे।
दूसरी ओर व्यापारियों को दिवाली तक कारोबार इसी तरह रहने की उम्मीद है। शहर के व्यापारियों के अनुसार गत वर्ष कारोबार करीब डेढ़ करोड़ का आंकड़ा ही छू पाया था जबकि इस बार कारोबार काफी अच्छा चमका है। व्यापारियों के अनुसार गत तीन वर्षों में जितना इस बार धनतेरस पर एक ही बार में कारोबार हुआ है। इससे काफी हद तक गत वर्षों की मंदी की मार कम होगी।
जानिये... किस मार्केट की क्या रही स्थिति
1- सर्राफा बाजार: धनतेरस को लेकर सर्राफा बाजार में भी चहल-पहल रही। ज्यादातर लोगों ने चांदी के सिक्के, गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति समेत गहने खरीदने में रुचि दिखाई। सबसे अधिक मांग चांदी के बर्तनों, सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की रही। मार्केट में 30 लाख से अधिक का कारोबार होने की चर्चा है।
2- कपड़ा बाजार : कपड़ों की दुकानों के अलावा बाहर लगी कपड़ों की स्टॉल पर काफी भीड़ उमड़ी। पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से लेकर बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर 200 से अधिक स्टॉल लगी हैं। कपड़ा मार्केट में भी 20 लाख से अधिक के कारोबार का अनुमान है और शाम तक इस मार्केट में ग्राहकों ने खरीदारी की।
3- बर्तन बाजार : शहर में बर्तनों की करीब 30 दुकानें हैं और सभी दुकानों पर सुबह से शाम तक ग्राहकों की आवाजाही रही। लोगों ने धनतेरस पर बर्तनों की खरीद की। बर्तन मार्केट एसोसिएशन प्रधान सतबीर गौड़ व दुकानदार सुधीर ने बताया कि धनतेरस पर ज्यादातर लोगों ने 5 नए बर्तन खरीदने मे दिलचस्पी दिखाई।
4- वाहन बाजार : धनतेरस पर ऑटो मार्केट भी गुलजार रही। जिले में करीब 100 चार पहिया और दो पहिया वाहनों की डिलीवरी दी गई। ऑटो मार्केट सेक्टर में एक दिन के अंदर करीब एक करोड़ का कारोबार होने के कयास लगाए जा रहे हैं। करीब 30 चार पहिया और 70 दो पहिया वाहनों की डिलीवरी शनिवार को ली गई।
- ये रहे सुरक्षा के प्रबंध
- बस स्टैंड से परशुराम चौक तक 15 पुलिसकर्मी तैनात रहे।
- परशुराम चौक से लाला लाजपत राय चौक तक 17 कर्मचारी तैनात रहे।
- आंबेडकर चौक से पुरानी सब्जी मंडी तक तीन पुलिसकर्मी तैनात रहे।
- रेलवे रोड पर चार पुलिस कर्मी त्योहारी सीजन की ड्यूटी करते मिले।
- पुलिस ने यहां लगाए नाके
जिला पुलिस ने बाजारों में चार पहिया वाहनों को आवागमन रोकने के लिए परशुराम चौक, कोर्ट के पिछली तरफ वाली सड़क पर, आंबेडकर चौक पर, लाला लाजपत राय चौक पर बैरिकेड्स लगाए। इसके अलावा राइडर्स और पीसीआर पर तैनात पुलिस टीम भी लगातार गश्त करती रही।
फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर शहर में सुरक्षा प्रबंध कड़े है और भीड़ के मद्देनजर ही बाजार में चार पहियों का आवागमन रोका गया है। दिवाली तक पुलिस कर्मी सुबह से शाम तक लगातार गश्त करेंगे।
-दीपक गहलावत, एसपी, चरखी दादरी
इस बार कारोबार की स्थिति ठीक रही। सामान्य दिन दादरी बाजार में करीब दो करोड़ का कारोबार होता है जबकि इस बार करीब 5 करोड़ का आंकड़ा छूआ है। सभी मार्केट में खरीददारी ठीक रही।
-रविंद्र गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष, दादरी नगर व्यापार मंडल