चरखी दादरी। समसपुर-भागवी रोड से सदर थाना पुलिस ने एक कार से अंग्रेजी और देसी शराब की 74 बोतलें बरामद की हैं। चालक इसका परमिट या बिल नहीं दिखा सका जिसके चलते पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। गांव खातीवास निवासी आरोपी धीरपाल के खिलाफ सदर थाने में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार शाम सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खातीवास निवासी धीरपाल एक कार में अवैध रूप से शराब लेकर समसपुर की तरफ आ रहा है। अगर तुरंत दबिश दी जाए तो उसे दबोचा जा सकता है। इस आधार पर पुलिस टीम ने समसपुर-भागवी मार्ग पर नाकाबंदी कर दी और कुछ देर बाद कालियावास की तरफ से आ रही एक कार को रुकवाकर तलाशी ली। इस दौरान कार से देसी शराब के 24 अध्धे और 36 बोतलों समेत अंग्रेजी शराब की 24 बोतलें बरामद हुई। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने चालक धीरपाल को पकड़ लिया और उसे थाने ले आई। वहां उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।