धनतेरस पर दादरी शहर के बाजार में जमकर धन वर्षा हुई। एक दिन में उम्मीद से दोगुना कारोबार होने से व्यापारी गदगद हैं। नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार वीरवार को बाजार का कारोबार 15 करोड़ का आंकड़ा छू गया जबकि उम्मीद सात से आठ करोड़ की ही थी। धनतेरस पर सर्राफा, इलेक्ट्रानिक्स, कपड़ा और बर्तन मार्केट गुलजार हुईं। इन चारों मार्केट में करीब आठ करोड़ का कारोबार हुआ। पिछले साल की तुलना में 30 फीसदी कम कारोबार हुआ है।
वीरवार को धनतेरस पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले ही इंतजाम कर लिए थे। वीरवार को कोर्ट रोड पर चौपहिया और थ्री व्हीलर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहा। लाला लापतराय चौक और परशुराम चौक पर बैरिकेड्स लगाकर कोर्ट रोड को प्रशासन ने सील रखा। इसके अलावा शहर में छह जगहों पर बैरिकेड्स लगाकर नाकाबंदी की गई। शहर में लगाई गईं दोनों मचान पर वीरवार को दोपहर बाद कर्मचारी तैनात नजर नहीं आए। वीरवार को शहर में ट्रैफिक थमा रहा और नियमित अंतराल पर जाम की स्थिति बनी।
नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार पिछले साल धनतेरस पर करीब 19 करोड़ का कारोबार हुआ था जबकि इस बार कोरोबार पंद्रह करोड़ का आंकड़ा छू गया। कोरोना काल के चलते व्यापारियों को इससे आधे कारोबार की ही उम्मीद थी। व्यापारी एक दिन के कारोबार से काफी संतुष्ट भी है। अनलॉक में शहर का एक दिन का अधिकतम कारोबार करीब पांच करोड़ का आंकड़ा ही छू पा रहा था और इस लिहाज से एक दिन में तीन गुना कारोबार हुआ है।
जानिये....किस मार्केट की क्या रही स्थिति
कपड़ा मार्केट: जिले की कपड़ा मार्केट में कारोबार की स्थिति अच्छी रही। जिले में करीब 450 दुकानें है और वीरवार को करीब दो करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। गर्म सूटों के अलावा साड़ियों की डिमांड अधिक रही।
इलेक्ट्रानिक्स मार्केट: शहर में इलेक्ट्रानिक्स की 12 दुकानें हैं और इन सभी दुकानों उम्मीद से ज्यादा कारोबार हुआ। मार्केट का कारोबार करीब दो करोड़ का आंकड़ा छू गया। वॉशिंग मशीन और एलईडी की मांग ज्यादा रही।
सर्राफा मार्केट: शहर की सर्राफा बाजार में कारोबार उम्मीद से कम हुआ है। शहर में करीब 80 दुकानें और मार्केट का कारोबार करीब डेढ़ करोड़ हुआ है। पिछले साल करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार सर्राफा मार्केट में हुआ था।
बर्तन मार्केट: धनतेरस पर बर्तन मार्केट में भी ग्राहकों की काफी चहल पहल रही। शहर में 30 बर्तन भंडार हैं और लोगों ने धनतेरस के अवसर पर बर्तन खरीद में काफी दिलचस्पी दिखाई। स्टील के बर्तनों की डिमांड अधिक रही।
ये रहे सुरक्षा के प्रबंध : शहर की सड़कों पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर नाकाबंदी की। कर्मचारी 250 पुलिस कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। जाम के झंझट से निपटने के लिए परशुराम चौक को भी वन वे रखा गया। राइडर पर तैनात पुलिसकर्मी सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाते रहे।
धनतेरस पर व्यापारियों की उम्मीद से ज्यादा कारोबार हुआ है। शहर में विभिन्न मार्केट की करीब तीन हजार दुकानें हैं जिन पर करीब 15 करोड़ का कारोबार हुआ है। पिछले साल की तुलना में इस साल 30 फीसदी कम कारोबार हुआ है। -रविंद्र गुप्ता, कार्यकारी प्रधान, नगर व्यापार मंडल।