चरखी दादरी। श्रम मंत्री व दादरी जिला विकास एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष अनूप धानक ने कहा है कि दादरी में तीन करोड़ 96 लाख की लागत से डी-प्लान के तहत विकास कार्य करवाए जाएंगे। इनमें से करीब एक करोड़ की लागत के काम शुरू हैं। बुधवार को राज्यमंत्री ने दादरी पहुंचकर जिला आयोजना समिति की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जिले को डी-प्लान के लिए तीन करोड़ 96 लाख 25 हजार की राशि जारी की गई है। इसमें से पंचायती राज और नगरपरिषद 93 लाख 60 हजार की राशि के विकास कार्य करवा रहे हैं। अब शेष राशि तीन करोड़ दो लाख 64 हजार रुपये खर्च करने के लिए विधायक व सभी चेयरमैन से प्रस्ताव लिए गए हैं। इस राशि को प्राथमिकता के आधार पर खर्च किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि डी-प्लान स्कीम में सामान्य वर्ग और अनुसूचित वर्ग के लिए सामुदायिक विकास कार्य करवाए जाते हैं। जिनमें आंगनबाड़ी केंद्र, चौपाल, गलियों का निर्माण, जोहड़ की चहारदीवारी आदि शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य सरकारी मानदंडों के अनुरूप पूरे होने चाहिए। विधायक सोमबीर सिंह सांगवान ने कहा कि डी-प्लान में सरकार से और अधिक बजट लेकर विकास कार्य करवाए जाएं। जिससे कि सामुदायिक कार्यों को पूरा होने में आसानी रहे।
- ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी डाॅ. जयेंद्र सिंह, पूर्व विधायक राजदीप फौगाट, चेयरमैन राजेंद्र लितानी, जजपा जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका, जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास, नगरपरिषद चेयरमैन बक्शी सैनी, एसडीम डाॅ. विरेंद्र सिंह, एसडीएम नवीन कुमार, नगराधीश रेणुका, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता भरत सिंह, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डाॅ. जसंवत जून, सूरज बैनीवाल, जिला पार्षद रविंद्र चरखी आदि मौजूद रहे।