चरखी दादरी। लघु सचिवालय में बुधवार का आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक में पूर्व विधायक राजदीप फौगाट ही फरियादी बन गए। उन्होंने मंत्री को बताया कि मार्च माह में राज्यस्तरीय पशु मेले के दौरान दादरी आए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनस्वास्थ्य विभाग को एक हफ्ते में सीसीआई परिसर से पानी निकासी के निर्देश दिए थे। उक्त निर्देशों को ढाई माह से ऊपर हो चुके लेकिन पानी निकासी नहीं हुई।
इस पर राज्य श्रम मंत्री ने एक्सईएन शशिकांत को फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द परिसर से पानी निकासी के निर्देश दिए। बैठक में कुल 15 परिवाद रखे गए। जिनमें से 9 को निपटान हो गया और 6 को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। इसके अलावा बैठक में राज्य मंत्री ने 100 के करीब अन्य शिकायतें भी सुनी। जोकि एजेंडे में पहले शामिल नहीं थी।
कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने के लिए राज्यमंत्री अनूप धानक दोपहर 12:05 पर लघु सचिवालय सभागार में पहुंचे। डीसी प्रीति की अनुपस्थिति में एडीसी डॉ. जयेंद्र छिल्लर ने उनका स्वागत किया और बैठक शुरू करने की अनुमति मांगी। पहला परिवाद पिचोपा खुर्द निवासी महेंद्र का रहा। कोर्ट केस के चलते अनूप धानक ने इस शिकायत का निपटान करा दिया। दूसरा परिवाद सांवड़ के ग्रामीणों का पेयजल से संबंधी रहा। एक्सईएन शशिकांत भारद्वाज ने बताया कि इसके लिए 24.29 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार हो चुका है और प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही टेंडर लगा दिया जाएगा। मंत्री ने इस शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रखवा दिया।
तीसरा परिवाद मौड़ी निवासी जयसिंह का रहा। मामले के जांच अधिकारी नियुक्त किए गए एसडीएम ने बताया कि परिवादी संतुष्ट हो चुका है।चौथा परिवाद क्रशर से संबंधित रहा और यह परिवाद बिरही कलां निवासी सुनील कुमार और उसकी मां ने रखा। बुजुर्ग महिला ने बताया कि क्रशर का पानी और धूल उनके घर व खेत में आती है। इससे वो बेहद परेशान हैं। यह सुनकर राज्य मंत्री ने एडीसी को मामले की जांच कराने का आदेश दिया और एक कमेटी गठित की जिसमें कष्ट निवारण समिति सदस्य एडवोकेट रामकिशन शर्मा और राजरानी को शामिल किया गया। पांचवां परिवाद खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी का कार्यालय में आकार दुर्व्यवहार करने संबंधी रहा। एसपी नितिका गहलोत ने बताया कि इस मामले में एसआईटी गठित कर दी गई है। जल्द ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- मेरी मां से धोखाधड़ी कर जमीन करवा ली अपने नाम
कादमा गांव के एक युवक ने बताया कि उसके भाई ने मां को गुमराह कर उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा कर लिया है। एसडीएम बाढड़ा डाॅ. विरेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री करवाते समय वृद्ध महिला से इस बारे में पूछा गया था। श्रम मंत्री ने इस मामले को बंद करते हुए एडीसी को शिकायतकर्ता की संतुष्टि करवाने को कहा।
- बीडीपीओ को दिया ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड की सुपरदारी कराने का आदेश
रूदड़ोल सरपंच ने राज्यमंत्री के समक्ष ग्राम पंचायत का रिकॉर्ड दिलाने की मांग की। इस पर पुलिस विभाग ने बताया कि रिकॉर्ड बरामद किया जा चुका है और ग्राम पंचायत सुपरदारी करवाकर इसे अपने कब्जे में ले सकती है। इस पर राज्यमंत्री ने बीडीपीओ को ग्राम सचिव और सरपंच के जरिये रिकॉर्ड की सुपरदारी कराने का आदेश दिया।