फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: अतिक्रमण हटवाने के बावजूद हालात जस के तस, नप पर उठ रहे सवाल

Mon, 29 Dec 2025 01:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
23 दिसंबर को चलाए गए अभियान के दौरान दुकान के बाहर बने चबूतरे को तोड़ती जेसीबी।
विज्ञापन
चरखी दादरी। दादरी नगर परिषद टीम ने शहर के बस स्टैंड रोड पर लगातार दो दिन तक पुलिस की मौजूदगी में रेहड़ियों को हटवाने के साथ दुकानों के सामने बनाए अवैध पक्के चबूतरों को तोड़ा गया था। लेकिन अभियान बंद हुए अभी एक सप्ताह का समय भी नहीं बीता और यहां हालात पहले जैसे बन गए हैं। जिसके चलते अभियान बेअसर नजर आ रहा है, वहीं लगातार जाम की स्थिति भी बन रही हैं। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से बार-बार अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि जाम से मुक्ति मिल सके और पैदल राहगीरों को भी चलने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।
विज्ञापन

बता दें कि दादरी के बस स्टैंड रोड पर बार-बार लगने वाले जाम से छुटकारा दिलवाने के लिए नगर परिषद ने गत 22 व 23 दिसंबर को लाव लश्कर के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। अभियान के दौरान बस स्टैंड रोड पर मौजूद सभी रेहड़ी चालक गलियों में जाते नजर आ रहे थे। वहीं टीम ने दुकानों के सामने बने चबूतरों को भी जेसीबी की मदद से तुड़वाया था। लेकिन अभियान बंद होने के साथ ही हालात पहले जैसे बन गए हैं। बस स्टैंड रोड पर पहले की तरह ही रेहड़ियां लगने लगी हैं और दुकानों के बाहर भी दुकानदार सामान रखने लगे हैं। अब देखना यह होगा कि नगर परिषद क्या गंभीरता से अतिक्रमण पर कार्रवाई कर पाती है या नहीं।
बस स्टैंड रोड पर बनी रहती है जाम की स्थिति
भगवान परशुराम चौक से बस स्टैंड तक सड़क भले ही फोर लेन है लेकिन अतिक्रमण व रेहड़ियों के कारण सड़क की चौड़ाई सिकुड़ कर आधी रह गई है। जिसके चलते बस स्टैंड रोड पर हर समय जाम के हालात बने रहते हैं और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन


अतिक्रमण हटवाने के नाम पर रुपये हो रहे खर्च
अतिक्रमण हटवाने के नाम पर नगर परिषद के अधिकारी अभियान के दौरान किराये पर जेसीबी लेकर जाते हैं। जेसीबी का किराया प्रति घंटा करीब ढाई हजार रुपये होता है। इसके अलावा अधिकारियों व कर्मचारियों को भी अन्य कार्यों को छोड़कर अभियान में शामिल होना पड़ता है। काफी रुपये खर्च होने के बावजूद अतिक्रमण पर नकेल नहीं लग पा रही है। जिससे लोग भी नगर परिषद की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहे हैं।

कारोबार हो रहा है प्रभावित
स्थानीय दुकानदार राजीव गुप्ता, गजेंद्र पंवार, संदीप फोगाट आदि ने बताया कि दुकानों के सामने रेहड़ियां खड़ी होने व दुकानों के सामने सामान रखने से ग्राहकों का दुकानों में आवागमन कम हो जाता है। जिसके चलते कारोबार पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।


अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा। जल्द ही लगातार अभियान चला कर शहर को अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएगा, ताकि सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।
विज्ञापन

-गौरव कुमार, सचिव, नगर परिषद, दादरी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें