मुख्यमंत्री मनोहरलाल की वीडियो कांफ्रेंस में भाग लेती उपायुक्त प्रीति व अधिकारी।
चरखी दादरी। शहर व ग्रामीण क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पर नियंत्रण के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी व सिंचाई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी अलर्ट रहते हुए 24 घंटे पर्याप्त जल निकासी प्रबंध सुनिश्चित करें और निगरानी रखें। उपायुक्त प्रीति ने सोमवार को जिला में बाढ़ नियंत्रण के लिए संबंधित अधिकारियों की बैठक में आदेश दिए।
उपायुक्त प्रीति ने कहा है कि मानसून की बरसात को ध्यान में रखते हुए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नगर परिषद, जनस्वास्थ्य विभाग व सिंचाई विभाग के अधिकारी पानी निकासी के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करेंं। जलभराव की स्थिति पैदा होने पर संबंधित विभाग तत्परता से आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन की टीम सजग है और बरसात के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण विशेषकर निचले क्षेत्रों के जलभराव से जल निकासी प्रभावी ढंग से करें ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो।
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग शहरी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पंप सेट लगाकर पानी निकासी में तेजी लाएं। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित क्षेत्र में पूरी निगरानी रखें तथा पूरी तरह सजग एवं सतर्क रहें ताकि वर्षा के पानी की निकासी तुरंत हो सके।
बैठक में एसडीएम नवीन कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता शशीकांत, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सतेंद्र सांगवान, नगरपरिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश वर्मा, बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता अमित कंबोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।