हांसी। शराब के नशे में सिवानी फीडर में दोस्तों के साथ नहाने के लिए उतरा भिवानी का एक युवक तेज बहाव में डूब गया। तीन दोस्त नहाने के लिए उतरे थे, जिसमें दो सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी उदयभान गोदारा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक की तलाश में नहर में गोताखोर उतारकर सर्च ऑपरेशन चलाया है। फिलहाल युवक का सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार भिवानी में तोशाम रोड फाटक के समीप रहने वाले विष्णु, बिरजू व हरीश शराब के नशे में ऑटो में सवार होकर नहर किनारे पहुंचे। इसके बाद सिवानी फीडर नहर में नहाने के लिए उतरे, लेकिन नहर पानी का बहाव तेज होने के कारण तीनों डूबने लगे तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर वहां से गुजर रही एक वृद्ध महिला ने नहर में रस्सी फेंकी। इस दौरान विष्णु व बिरजू रस्सी पकड़ कर बाहर निकल आए। जबकि 28 वर्षीय हरीश पानी के तेज बहाव में बह गया।
शहर थाना प्रभारी उदयभान गोदारा ने बताया कि विष्णु व बिरजू को राउंड अप कर लिया गया है। उनका मेडिकल चेकअप करवाया जाएगा। दोनों के मां-पिता की मौत हो चुकी है और हरीश के परिजनों को मामले से अवगत करा दिया है। गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हैं।