चरखी दादरी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने स्थानीय ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में ईवीएम मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने बताया कि यह त्रैमासिक प्रक्रिया है जिसके अंतर्गत जिला के ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम मशीनों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य जिलों में ईवीएम वेयरहाउस की व्यवस्था की जांच करना है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी की संभावना से बचा जा सके।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की समुचित निगरानी एवं रखरखाव सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचा जा सके। उन्होंने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की और उनकी सख्त निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में अग्निशमन यंत्रों की भी जांच की और उनकी स्थिति को संतोषजनक बताया।