चरखी दादरी। फसल खरीद सीजन को सुचारू, पारदर्शी और किसानों के लिए पूरी तरह सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने वीसी से उपायुक्तों के साथ समीक्षा की। उपायुक्त मनदीप कौर ने जिला में फसल खरीद को लेकर की जा तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
वीसी के बाद उपायुक्त ने बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आने वाली फसल की सुचारू खरीद सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि फसल बिक्री के तय समय के भीतर किसानों के खातों में सीधा भुगतान पहुंच जाए। उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में किसानों और मजदूरों के लिए पेयजल, शेड, बिजली, और साफ-सफाई जैसी सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखे।
उन्होंने कहा कि मंडियों से फसल के उठान में तेजी रहे। उन्होंने परिवहन वाहनों (ट्रकों/ट्रैक्टरों) की समय पर व्यवस्था करने को कहा ताकि मंडियों में अनावश्यक जाम या अनाज का ढेर न लगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें।
उपायुक्त ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल को पूरी तरह सुखाकर और साफ करके ही मंडियों में लाएं ताकि उन्हें अपनी उपज का सही और तुरंत भाव मिल सके। सरकार और प्रशासन किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।