दादरी का दौरा कर दुष्यंत चौटाला ने 46 करोड़ से बनी 22 सड़कें लोगों को की समर्पित
बोले- दादरी में विकास के लिए सरकार को 100 एकड़ भूमि की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। सूबे के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने बुधवार को दादरी जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 50 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें 46 करोड़ से बनी 22 सड़कें भी शामिल हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री ने बस स्टैंड स्थानांतरण का भी संकेत दिया।
उन्होंने कहा कि दादरी जिले में मेडिकल कॉलेज, पुलिस लाइन और बस स्टैंड निर्माण के लिए सरकार करीब 100 एकड़ जमीन तलाश रही है। तीन गांवों की साइट देखी भी जा चुकी है। सरकार की योजना है कि जिले को जल्द से जल्द इन परियोजनाओं की सौगात दी जाए। उन्होंने रेस्ट हाउस में जनसमस्याएं भी सुनीं।
बुधवार को दुष्यंत चौटाला हेलीकॉप्टर के जरिये दादरी पहुंचे। उपायुक्त प्रीति, एसपी नितिका गहलोत, एडीसी जयेंद्र छिल्लर और एसडीएम नवीन कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने शहर में बीस से अधिक जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार दादरी जिला को सुव्यवस्थित ढंग से विकसित करना चाहती है और इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। आने वाले समय दादरी प्रदेश के सबसे सुंदर जिलों में से एक होगा।
इससे पहले गामड़ी के समीप बन रही हसाण पाना की जाट धर्मशाला को उपमुख्यमंत्री ने 15 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने गामड़ी में टूटी हुई सड़क को चौड़ा और सुंदर बनवाने के लिए एचएसवीपी को आदेश दिए। दुष्यंत सिंह चौटाला ने कहा कि दादरी में नया बस स्टैंड, मेडिकल काॅलेज, पुलिस लाइन, जेल, आवासीय परिसर आदि बनवाने के लिए करीब सौ एकड़ भूमि को ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से खरीदा जाएगा। जमीन मिलते ही इन परियोजनाओं पर जल्दी काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दादरी के लघु सचिवालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है। दादरी शहर में बारिश के पानी और सीवरेज सिस्टम की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए करोड़ों रुपये के नए प्रोजेक्ट बनाकर मंजूरी दिलवा दी गई है। इनके टेंडर होते ही काम शुरू हो जाएगा। आने वाले समय में शहर में जलभराव की समस्या नहीं रहेगी।
इस अवसर पर जजपा जिला प्रधान नरेश द्वारका, संजीव मंदौला, राजेश फौगाट, राजेश सांगवान, जिला पार्षद एडवोकेट रविंद्र चरखी, लक्ष्मी बलौदा, ऋषिपाल उमरवास, पूर्व चेयरमैन राजबीर फौगाट, रमेश लांबा, देवकीनंदन शर्मा, मनफूल शर्मा, सज्जन बलाली व सूरज बैनीवाल आदि मौजूद रहे।
- डॉ. अजय की कर्मभूमि है दादरी, मेरा विशेष लगाव
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दादरी जिला जजपा नेता एवं पूर्व सांसद डाॅ. अजय सिंह चौटाला की कर्मभूमि रही है। उन्होंने अपने शासनकाल में दादरी-भिवानी के लिए बहुत काम किया है, जिसे लोग आज भी याद करते हैं। आज बाढड़ा हलके में उनकी माता विधायक नैना भी पूरी गंभीरता के साथ एक-एक गांव के काम करवा रही हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायक व हरियाणा आवास बोर्ड के चेयरमैन राजदीप सिंह फौगाट ने कहा कि उप मुख्यमंत्री दादरी जिले की विकास परियोजनाओं का विशेष ध्यान रखते हैं। उन्होंने इस जिला के विकास कार्यों व नई परियोजनाओं को तीव्रता से मंजूर करवाया है।
- जिले की इन सड़कों का किया उद्घाटन
उपमुख्यमंत्री ने लोकनिर्माण विश्रामगृह में गांव नीमली, पैंतावास कलां, कितलाना-छपार, नेशनल हाईवे 148बी से दादरी कनाल, दादरी बाईपास, कारी तोखा, पालड़ी, कपूरी, चंदेनी-रामलवास, बीजना-चंदेनी, बालरोड-चांगरोड, कादमा-बडराई, चांगरोड-बलकरा, झोझू-बधवाना, कादमा-कान्हड़ा, किशनपुरा, नवां-बडराई, नौसवां, उमरवास, चंदेनी-रूदडोल, ढाणीसूरजा, ढाणी नांधा सड़क का उद्घाटन किया।
- इन क्षेत्रों में पहुंचे उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री ने पुरानी अनाजमंडी, रेलवे रोड, लोहारू रोड, पंजाबी सभा आदर्श धर्मशाला, खटीकान मोहल्ला, हीरा चौक, लाला लाजपत राय चौक, काठमंडी, गांधीनगर, घिकाड़ा रोड आदि स्थानों पर बीस से अधिक जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर तथा फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।
फोटो 35 पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से विकासपरक योजनाओं का उद्घाटन करते उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला।
फोटो 36 दादरी में जनसभा को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला।