बौंदकलां। एनएच 152-डी पर रानीला के समीप मंगलवार रात एक ट्रक और पिकअप की टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। वहीं अचीना ताल चौकी पुलिस ने शब कब्जे में लेकर उसका पीजीआई रोहतक में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान रेवाड़ी निवासी विक्रम के रूप में हुई। पुलिस ने उसके भाई के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक विक्रम के भाई शीशराम ने बताया कि उसका छोटा भाई विक्रम दस साल से रेवाड़ी में रहता था और अपने साथियों के साथ भेड़-बकरियों की खरीद-बिक्री का काम करता था। 20 जून की रात उसका भाई अपने साथी गौरव, ऋतुराज और राहुल के साथ पिकअप में सवार होकर रेवाड़ी से अंबाला जाने के लिए रवाना हुए थे। अंबाला जाते समय जब वो एनएच 152 डी पर रानीला के समीप पहुंचे तो उनकी पिकअप ट्रक से टकरा गई।
हादसे में विक्रम और उसके तीनों साथी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया जबकि हादसे में घायल तीनों लोगों को वहां उपचार चल रहा है।