सोमवार शाम शहर के सैनीगंज मोहल्ले में आयोजित की गई सैनी समाज की जिलास्तरीय पंचायत, आरोपी की गिरफ्तारी न होने से खफा हैं समाज के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के सैनीगंज मोहल्ले में आकाश हत्याकांड को लेकर सोमवार शाम सैनी समाज की जिलास्तरीय पंचायत आयोजित की गई। एक घंटे तक चली पंचायत में समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन को हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। अगर इस समय अवधि में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो फिर महापंचायत कर कड़ा निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि 28 मई को आकाश अपने दोस्त के साथ पूर्ण मार्केट के समीप स्थित कादयान गेस्ट हाउस में मौजूद था। उसी दौरान हथियारों से लैस युवक वहां पहुंच गए। उक्त युवकों ने आकाश और उसके दोस्त को घसीटते हुए होटल के कमरे से बाहर निकाला और उन पर वार किए। इसके बाद गली में लाकर धारदार हथियारों, डंडों और ईंटों से आकाश व उसके दोस्त पर वार किए गए। इस हमले में आकाश की मौत हो गई। शहर थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या का केस दर्ज कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
रविवार को इस मामले पर सैनी समाज के मौजिज लोग सैनी पंचायत भवन में एकत्र हुए और प्रधान जगमाल सैनी की अध्यक्षता में बैठक की। उस दौरान सोमवार शाम जिलास्तरीय पंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। उसी निर्णय के अनुसार सैनीगंज मोहल्ले में शाम साढ़े छह बजे आयोजित पंचायत एक घंटे तक चली।
पंचायत में आकाश की मां सरोज देवी और अन्य परिजनों ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी राहुल की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई। साथ ही पुलिस से जल्द आरोपी को काबू करने की मांग की। सैनी समाज प्रधान जगमाल सैनी ने बताया कि सात दिन के अंदर आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो सैनी समाज कड़ा फैसला लेने से पीछे नहीं हटेगा।
- पंचायत में ये रहे मौजूद
सोमवार शाम आयोजित पंचायत में पार्षद कुलदीप सैनी, पूर्व पार्षद बाला सैनी, नवीन सैनी, पूर्व पार्षद प्रवीन सैनी, महेंद्र सैनी, कमल सैनी, रामनिवास सैनी, मांगेराम, अजय सैनी आदि मौजूद रहे।
फोटो 40
पंचायत में पहुंची आकाश की मां सरोज देवी की आंखों में आए आंसू। संवाद
फोटो 41
सैनीगंज मोहल्ले में आयोजित पंचायत में मौजूद सैनी समाज के लोग। संवाद