दादरी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक आरोपी को राजस्थान के अलवर जिले से तो दूसरे को नूंह के फिरोजपुरा झिरका से किया काबू, पूछताछ जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। महिला समेत दो लोगों से की गई साइबर ठगी की वारदात को दादरी पुलिस ने सुलझा लिया है। दोनों शिकायतकर्ताओं से साइबर ठगों ने 2.72 लाख की ठगी की थी। पुलिस ने एक आरोपी को राजस्थान के अलवर जिले के गांव कलासावाड़ा से जबकि दूसरे आरोपी को नूंह के फिरोजपुर झिरका से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। अन्य वारदात का खुलासा होने की भी उम्मीद है। पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी होने की पुष्टि की है।
आरोपियों ने किससे और कैसे की थी ठगी
केस: 1- न्यूड वीडियो कॉल वायरल करने डर दिखाकर ठगे 2.46 लाख
22 जनवरी 2024 को जेवली गांव निवासी राजकुमार के पास साइबर ठगों ने वीडियो कॉल की और सामने बिना कपड़ों की युवती खड़ी कर उसका वीडियो बना लिया। बाद में कॉल कर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने 7 ट्रांजेक्शन के जरिये 2,46,300 रुपये आरोपियों के खाते में डाल दिए। राजकुमार के बेटे रमन की शिकायत पर पुलिस ने 26 जनवरी को केस दर्ज किया। 27 जनवरी को नूंह निवासी आरोपी मुस्तफा को और 30 जनवरी को राजस्थान के भरतपुर जिला निवासी तालिम, 8 अप्रैल को नूंह निवासी तीसरे आरोपी जुनैद को काबू किया गया। अब फिरोजपुर झिरका के गांव अगोन निवासी मुकेश कुमार के रूप में चौथी गिरफ्तारी हुई है।
केस:2- पैंसिल पैकिंग का काम दिलाने के बहाने महिला को लगाया 26,330 का चूना
28 मई को प्रिया नामक महिला ने इंस्टाग्राम पर पैंसिल पैकिंग का विज्ञापन देख एक नंबर पर संपर्क किया। सामने से प्रिया का एक फोटो व पैन कार्ड का फोटो मांगा गया। इसके बाद आरोपियों ने एक क्यूआर कोड भेजा और नौकरी के रजिस्ट्रेशन के लिए 520 रुपये फीस मांगी। इसके बाद आरोपी ने चार ट्रांजेक्शन के जरिये उससे 6399 रुपये भिजवा लिए। अगले दिन आरोपी ने एक पैंसिल डिलीवरी करने वाले व्यक्ति का नंबर दिया। जब उसने उससे बात की तो उसने भी पैसे मांगे। प्रिया से नौ बार में 26,330 रुपये ठगे गए। इस मामले में पुलिस नूंह निवासी आरोपी मनीष को काबू कर दो मोबाइल बरामद कर चुकी है। अब मुस्तकीम के रूप में दूसरी गिरफ्तारी हुई है।
फोटो 12
पुलिस की गिरफ्त में साइबर ठगी के दोनों आरोपी। स्रोत : पुलिस विभाग