अधिवक्ता शीतल साहू ने सीएम विंडो पर दर्ज करवाई शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर में सीवरेज समस्या के समाधान पर खर्च हुई राशि की उपयोगिता की जांच करवाने व ढाणी फाटक पर बने ओवरब्रिज के दोनों तरफ की सड़क को ठीक करवाने के लिए सीएम विंडो पर शिकायत की है। शिकायत में बताया कि नगर में सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट पर काम किया है। धरातल पर काम करवाने के बजाय अधिकारियों, ठेकेदारों व एजेंसियों ने नियमों को ताक पर रखकर लापरवाही बरती और सरकारी पैसे का गबन किया है।
अधिवक्ता शीतल साहू ने शिकायत में आरोप लगाया कि एसटीपी और पंपिंग स्टेशन के लिए समान की खरीद-फरोख्त में रेट से ज्यादा मूल्यों पर कमीशन खाया गया है। बड़ी पाइप लाइनों के नीचे न ही बेड तैयार गया है। शीतल साहू ने पिछले एक वर्ष के दौरान जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से करवाए गए कार्यों की राज्य सतर्कता (विजिलेंस) से जांच करवाए जाने की मांग की है। सरकारी रुपयों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
अधिवक्ता शीतल साहू ने शिकायत में बताया कि शहर में ढाणी फाटक ओवरब्रिज के दोनों तरफ की सड़क की हालत बेहद खराब है। इसके कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के समय पानी भरा रहता है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर वाहनों का आवागमन इसी सड़क से होता है। उन्होंने सड़क को चौड़ा करवाने की मांग की है।
फोटो-07
अधिवक्ता शीतल साहू। स्रोत : स्वयं