चरखी दादरी। शहर के विभिन्न वार्डाें में पेयजल संबंधी समस्या बनी हुई है। शुक्रवार को इसे लेकर 10 पार्षद लामबंद होकर जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एक्सईएन के समक्ष अपने वार्डाें की समस्याएं रखने के साथ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पार्षदों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 6 जून से वो धरना शुरू कर देंगे।
जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंचकर पार्षदों ने एक्सईएएन शशिकांत व एसडीओ सोहनलाल जांगड़ा के साथ बैठक कर शहर में बनी पेयजल से संबंधित समस्याओं से अवगत करवाया। पार्षदों ने बताया कि शहर के सभी वार्डों में पेयजल समस्या बनी हुई है। शहर में पेयजल आपूर्ति का टाइमटेबल निर्धारित नहीं है और इसके चलते लोग परेशान हैं।
पार्षदों ने बताया कि किसी वार्ड में लो-प्रेशर आपूर्ति तो किसी में दूषित पानी की समस्या बनी है। कई बार अधिकारियों को समस्याओं से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी नतीजा सिफर है और लोग परेशानी झेलनी को विवश हैं। पार्षदों ने कहा कि विभाग के कर्मचारी मनमर्जी से पेयजल सप्लाई कर रहे हैं, जिसका लाभ आमजन को नहीं मिल पा रहा है।
- जेई नहीं करता सुनवाई, हम परेशान
एक्सईएन से पार्षदों ने कहा कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए जब जेई से बात करते हैं तो वो कोई संतोषजनक जवाब नहीं देते। उन्होंने कहा कि जेई की कार्यप्रणाली से रोष है। लामबंद हुए पार्षदों ने एक्सईएन से पेयजल जेई बदलने की मांग की है।
- ये पार्षद पहुंचे एक्सईएन कार्यालय
शुक्रवार को पार्षद जयसिंह लांबा, पार्षद प्रतिनिधी नरेंद्र दहिया व जितेंद्र सांगवान, नगर परिषद उप-प्रधान संदीप फौगाट, पार्षद प्रतिनिधि जतिन फौगाट, पार्षद नितिन बंसल, पार्षद प्रतिनिधी विरेंद्र सांगवान, पार्षद कुलदीप सैनी, पार्षद प्रतिनिधी सत्यवान पहल व मनोज कुमार आदि एक्सईएन कार्यालय पहुंचे।
एक्सईएन बोले: प्रतिदिन दो वार्डों की समस्याओं का करवाएंगे समाधान
एक्सईएन शशिकांत ने सभी पार्षदों को आश्वासन दिया है कि 4 जून के बाद आचार संहिता समाप्त हो जाएगी। इसके बाद जेई का तबादला करवाकर सभी वार्डों में एक समान कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हर रोज शहर के दो वार्डाें की समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा।
पार्षद बोले: समाधान नहीं हुआ तो कार्यालय के बाहर देंगे धरना
चंपापुरी मुख्य जलघर कार्यालय में आए सभी पार्षदों ने बताया कि अगर उनकी समस्या का समाधान 4 जून तक नहीं हुआ तो वो सभी 6 जून से जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय परिसर में धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
हमने सभी वार्डाें के पार्षदों की समस्याओं को सुना है। 4 जून के बाद आचार संहिता समाप्त हो जाएगी। इसके बाद सभी वार्डाें के कार्य प्राथमिकता से पूरे करवाए जाएंगे। -शशिकांत, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग