चरखी दादरी। दादरी के समीप पातुवास महराणा रेलवे स्टेशन पर जल्द ही दिल्ली-सातरोड और सातरोड-दिल्ली पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव शुरू होने जा रहा है। रेल मंत्रालय की ओर से इन दोनों ट्रेनों के स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। आगामी दिनों में ट्रेनों के ठहराव का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा जिसके बाद यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
बता दें कि वर्तमान में ट्रेन नंबर 54085 दिल्ली-सातरोड पैसेंजर ट्रेन सुबह 7:10 बजे दिल्ली जंक्शन से रवाना होती है और दादरी स्टेशन पर सुबह करीब सवा 11 बजे पहुंचती है। वहीं ट्रेन नंबर 54086 सातरोड-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन दोपहर 2:20 बजे सातरोड से चलकर लगभग साढ़े तीन बजे दादरी पहुंचती है। अब इन दोनों ट्रेनों का पातुवास महराणा स्टेशन पर भी ठहराव होने से आसपास के गांवों के लोगों को सीधे अपने नजदीकी स्टेशन से यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। पातुवास महराणा स्टेशन के आसपास पातुवास, महराणा, ढाणी फोगाट, टिकान, सेहलंगा सहित अनेक गांव स्थित हैं। इन गांवों से काफी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन दिल्ली, गुरुग्राम, रेवाड़ी, भिवानी, हिसार और अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। अभी तक यात्रियों को यह ट्रेन पकड़ने के लिए दादरी या फिर झाड़ली स्टेशन तक पहुंचना पड़ता था जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बढ़ जाते थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से पातुवास महराणा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई जा रही थी। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार रेलवे प्रशासन और रेल मंत्रालय के समक्ष यह मांग रखी थी। अब मंत्रालय की ओर से मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र से लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ठहराव शुरू होने के बाद न केवल स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि रेलवे के यात्री आधार में भी वृद्धि होने की संभावना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का सार्वजनिक परिवहन के प्रति रुझान बढ़ेगा और उन्हें सुरक्षित व किफायती यात्रा का बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।