झोझूकलां। बिजली निगम की ओर से ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने में हो रही देरी से किसान खफा हैं। मंगलवार को विभिन्न गांवों के किसानों ने झोझूकलां बिजली सब स्टेशन में पहुंचकर धरना भी दिया। हालांकि बिजली निगम एसडीओ सुरेश कुमार की ओर से 15 दिन के अंदर प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया गया। इसके बाद किसान वापस लौट गए।
दरअसल झोझूकलां क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसानों ने वर्ष 2015 से 2018 के बीच ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। मोटर खरीदने के साथ ये किसान सिक्योरिटी राशि भी जमा करवा चुके हैं, लेकिन अब तक ट्यूबवेल कनेक्शन का इंतजार है।
आवेदन करने वाले किसानों का कहना है कि अब तक निगम ने खेतों में पोल तक पूरे नहीं लगाए हैं जबकि कनेक्शन के लिए वो ढाई से तीन लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। किसानों ने कहा कि वो पिछले करीब दो साल से लगातार ये मांग उठा रहे हैं, लेकिन अब तक नतीजा जस का तस है। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने से उनकी खेती प्रभावित हो रही है।
एसडीओ बोले- बुधवार से ही शुरू करवा देंगे काम
किसानों के बिजली सब स्टेशन में धरना देने पर एसडीओ सुरेश कुमार उनके बीच बातचीत करने पहुंचे। एसडीओ ने कहा कि बुधवार से ही इस पर काम शुरू करवा दिया जाएगा और प्रयास किया जाएगा कि 15 दिन के अंदर इस काम को पूरा करवा दिया जाए।
किसान बोले- कई साल पहले भर चुके सिक्योरिटी
गोपालवास से रामकुमार, सत्यवीर, सुमेर सिंह, जयसिंह, रूदड़ोल से सलूक सिंह, श्रीकांत, संतोष देवी, दगड़ोली से कृष्ण, प्रदीप, मुनेश, दिलबाग, राजेश, नवीन, सुमेर सिंह, कुब्जानगर से दलबीर, महेंद्र, दयानंद, जयनारायण, विकास, उण से सूरजभान, इंद्रमल, मुकेश और माईकलां से हवा सिंह, विक्रम, रणधीर व राजेश ने बताया कि उन्हें सिक्योरिटी राशि जमा करवाए कई साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक निगम ने प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इसके अलावा वो मोटरें भी खरीद चुके हैं।