चिड़िया-नौसवा होते हुए दादरी जिले को रेवाड़ी से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ा है। करीब दो किलोमीटर की दूरी में इस मार्ग पर पांच जगह गहरे गड्ढे बने हैं जो किसी हादसे का कारण बन सकते हैं। प्रतिदिन इस मार्ग से करीब तीन हजार वाहन गुजरते हैं और गड्ढों के चलते चालकों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
इस सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी की ओर से करीब दो साल पहले करवाया गया था। मानसून की बारिश से इस सड़क पर बने गड्ढे और गहरे हो गए हैं। विभिन्न गांवों के लोग इस मार्ग से गुजरते हैं और इस पर बने गड्ढे अब तक नहीं भरे गए हैं। नौसवा के सरपंच प्रतिनिधि नसीब, पंच मोनू व जयभगवान समेत अमित ने बताया कि कुछ जगहों पर गड्ढों का आकार सात से आठ फुट है और रात के समय दुपहिया वाहन चालक यहां से गुजरते समय हादसों का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हादसों के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी को जल्द से जल्द सड़क की सुध लेकर गड्ढों को भरवाना चाहिए, ताकि वाहन चालकों और यहां से प्रतिदिन गुजरने वाले विभिन्न गांवों के लोगों को राहत मिल सके।