एक बच्चे ने कुत्ते के मुंह में बच्चा देखा तो उसने शोर मचा दिया। इसके बाद कुत्ता शव को क्रशर जोन के साथ लगते बाजरे के खेत में छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव खेड़ी बत्तर क्रशर जोन में रविवार को नवजात बच्ची का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बच्ची की उम्र लगभग दो से तीन दिन होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मां की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस को दी गई मामले की सूचना
बता दें कि क्रशर पर काम करने वाले प्रवासी लोग वहीं पर झुग्गी बनाकर रहते हैं। झुग्गियों में रहने वाले श्रमिकों के बच्चे क्रशर जोन में गाय चरा रहे थे। इसके बाद वे खेतों में खेलने लगे। तभी एक बच्चे ने कुत्ते के मुंह में बच्चा देखा तो उसने शोर मचा दिया। इसके बाद कुत्ता शव को क्रशर जोन के साथ लगते बाजरे के खेत में छोड़कर भाग गया। बच्चों ने परिजनों को शव के बारे में बताया तो क्रशर जोन प्रधान नवीन को जानकारी दी गई और बाद में सूचना पाकर डायल 112, सदर थाना पुलिस, एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने मौका मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर टीम दादरी नागरिक अस्पताल में पहुंची। अब पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी।
कुत्तों ने नोचा बच्ची का सिर
मौके पर मौजूद ग्रामीण रतीराम व राकेश ने बताया कि बच्ची लगभग दो या तीन दिन ही लगती है। कुत्तों ने बच्ची का सिर नोच रखा है और बाकी शव खून से सना था। वहीं, ग्रामीणों ने बच्ची की मां पर सवाल उठाए और पुलिस से भी कठोर सजा की मांग की। नवजात के शव को कब्जे में ले लिया है और एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। अब आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज जांच कर नवजात को फेंकने वाले शख्स की पहचान की जाएगी और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -राजकुमार, एएसआई व जांच अधिकारी सदर पुलिस थाना