चरखी दादरी में उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने खेतों में जाकर फसल रिकॉर्ड की जांच की। उन्होंने राजस्व विभाग द्वारा तैयार ई-गिरदावरी का मिलान कर किसानों की समस्याएं सुनी। अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए।
चरखी दादरी। उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने वीरवार को जिले के विभिन्न गांवों के खेतों में जाकर फसल की राजस्व विभाग की ओर से की गई ई-गिरदावरी की जांच-पड़ताल की।
उपायुक्त ने मौके का मुआयना करते हुए राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से तैयार किए गए गिरदावरी रिकॉर्ड का खेतों में खड़ी फसलों के साथ मिलान किया। उन्होंने पड़ताल के दौरान राजस्व विभाग के कर्मचारियों से कहा कि गिरदावरी कार्य शत-प्रतिशत ठीक होना चाहिए।
विज्ञापन
उपायुक्त ने कहा कि राजस्व विभाग की ओर से प्रत्येक फसल चक्र यानी रबी और खरीफ की फसल की गिरदावरी रिपोर्ट तैयार कर सरकार को रिपोर्ट भेजी जाती है। उन्होंने पड़ताल के दौरान राजस्व विभाग की ओर से तैयार किए गए गिरदावरी के रिकॉर्ड का भी मिलान किया और किसानों से बात कर उनकी समस्याओं को सुना।
उपायुक्त ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार निपटान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बताया कि फसली रिकॉर्ड सिंचाई योजनाओं के क्रियान्वयन, बीज, खाद आदि की व्यवस्था करने में भी सरकार को आसानी होती है।